
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: जीआरपी की बड़ी कार्रवाई में अंतरराज्यीय महिला चोर गिरोह द्वारा चोरी किए गए सोने के जेवरात को बरामद कर लिया गया है। जीआरपी बिलासपुर की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए नागपुर के एक ज्वेलर्स में दबिश दी और ज्वलेर्स संचालक समेत चोरी का माल जब्त किया है।
जीआरपी थाना बिलासपुर में दर्ज अपराध क्रमांक 59/2026, धारा 305(सी)बीएनएस के तहत यात्री ट्रेनों में चोरी की घटनाओं की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार किया, जो संगठित तरीके से यात्री ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रही थीं। गिरफ्तार महिलाओं में मुख्य आरोपित पूनम विनेश मानकर और उसके साथ की अन्य महिलाएं शामिल हैं।
आरोपितों को 11 जून को अलग-अलग समय पर गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपितों ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए सोने के जेवरात नागपुर के एक ज्वेलर्स कारोबारी को बेच दिए गए हैं। उनके मेमोरेण्डम बयान के आधार पर पुलिस टीम नागपुर के नियर शेवालेहार्टवेयर के पास प्लांट नंबर नौ अवदुत नगर चिखली रोड मानेवाला निवासी सुनील शेवरावजी काटोले उर्फ भूरिया को गिरफ्तार किया। गिरोह की महिलाओं से इसी कारोबारी को ने चोरी के जेवर खरीदे थे।
बरामदगी के बाद पुलिस ने जब्त माल को कब्जे में लेकर मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में शामिल किया। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि बरामद सोना उसी चोरी की वारदात से संबंधित है, जिसकी शिकायत जीआरपी बिलासपुर में दर्ज की गई थी। मामले में चोरी का माल खरीदने और उसे छिपाने के आरोप में सुनील शेवरावजी काटोले के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। उसके विरुद्ध बीएनएस की धारा 317(2) के तहत अपराध दर्ज कर बुधवार को गिरफ्तार किया गया। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर 24 जून तक न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। जीआरपी अब गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और उनके संपर्कों की भी जांच कर रही है।
जेवर गलाकर एक टुकड़े में रखा था सुरक्षित
गिरफ्तार करने के बाद ज्वेलर्स कारोबारी से पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने जीआरपी को बताया कि उसने जेवरों को गलाकर एक टुकड़े के रूप में सुरक्षित रखा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लगभग नौ ग्राम वजन का सोने का टुकड़ा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 99,500 रुपये बताई गई है।