बिलासपुर। Jay Prakash Narayan Jayanti 2021: प्रधान मुख्य कार्मिक कार्यालय में लोकनायक जयप्रकाश नारायण की 119वीं जयंती मनाई गई है। आजादी के अमृत महात्सव के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान कार्यालय अधिकारी व कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस अवसर पर मुख्य कार्मिक अधिकारी आरके अग्रवाल ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र की मजबूती में उनका अहम योगदान था।
आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तारतम्य में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारी व कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी कार्यक्रम शुरू होने से पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। इस दौरान लोकनायक के छाया चित्र पर माल्यार्पण कर उनकी स्मृति को अक्षुण्य बनाए रखने का संकल्प लिया। भारत के स्वतंत्रता आंदोलन एवं आजादी के बाद भारतीय राजनीति में व्याप्त कुशासन, भ्रष्टाचार व आपातकाल के रूप में भारतीय लोकतंत्र के मूल मूल्यों पर आघात के विरुद्ध लोकनायक द्वार किए गए सतत संघर्ष को याद किया गया। अधिकारियों ने लोकनायक से जुड़ी कुछ अहम जानकारियों से कर्मचारियों को अवगत कराया। जिसके बारे में शायद उन्हें जानकारी ही नहीं थी।
सभी ने ध्यान से से सुना। विशेष रूप से वर्ष 1974- 75 में उनके द्वारा किए गए संपूर्ण क्रांति के आह्वान और उसमें भारत के सभी वर्गों की स्व र्स्फूत सहभागिता का उदाहरण स्वतंत्र भारत के इतिहास में शायद ही कोई दूसरा मिले। इस अवसर पर मुख्य कार्मिक अधिकारी (सामान्य) आरके अग्रवाल ने लोकनायक के व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में मौजूद अन्य अधिकारियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोकनायक के बारे में बताया। इसमें कर्मचारी भी आगे आए। अंत में उनकी स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने का सभी ने संकल्प लिया।