
Bilaspur News: बिलासपुर। रनिंग स्टाफ की कार्यशैली व पारिवारिक - सामाजिक संतुलन बेहतर बनाए रखने के लिए रेल प्रशासन ने पारिवारिक संगोष्ठी का आयोजन किया। इसमें रनिंग स्टाफ के स्वजन को उनकी ड्यूटी के मुख्य पहलुओं से अवगत कराया गया। ड्यूटी के दौरान परेशानियां भी आती है। इसलिए पारिवारिक माहौल ऐसा खुशनुमा व अनुकूल बनाए की रनिंग स्टाफ ड्यूटी के दौरान पूरी तरह निश्चिंत मन से कर्तव्यों का निर्वहन कर सके।
बिलासपुर रेल मंडल की ओर से परिवारिक परामर्श संगोष्ठी का आयोजन कोरबा स्टेशन में किया गया। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता वासु गुप्ता, क्षेत्रीय रेल प्रबंधक जगदीप, मुख्य ट्रेक्शन लोको कंट्रोलर आरके मिश्रा, मुख्य लोको निरीक्षक मुख्यालय एके वर्मा, कोरबा मुख्य क्रू नियंत्रक बीबी सिंह उपस्थित रहे। संगोष्ठी में रनिंग स्टाफ के लगभग 100 कर्मचारी व परिवार के सदस्य शामिल हुए। अफसरों ने रनिंग स्टाफ के सदस्यों को रनिंग स्टाफ की परेशानियों को बताया। उन्होंने जानकारी दी कि कितनी कठिन परिस्थिति में वह कार्य करते हैं। यह कठनाईयां घर आकर दूर हो जाती है। बशर्ते घर का माहौल उस तरह हो। सभी से अपील की गई कि घर का माहौल हमेशा खुशनुमा रखें। इससे स्टाफ बिना किसी तनाव के कार्य कर सकते हैं। इस मौके पर वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता व अधिकारियों द्वारा संरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण सलाह एवं परामर्श देकर रनिंग कर्मचारियों को कार्य के दौरान तनावरहित रहते हुए सतर्कता एवं सजगता के लिए प्रेरित किया। साथ ही विभिन्न समस्याओं पर त्वरित एवं उचित समाधान से निराकरण का आश्वाशन दिया गया।
मोबाइल ओवरशूट कारण, नाटक के माध्यम से समझाया
संगोष्ठी के दौरान पहले सत्र में सर्वप्रथम ओवरशूट की घटना को प्रदर्शित करते एक नाटक का सुंदर मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से बताया गया कि ओवरशूट की सबसे बड़ी वजह मोबाईल फोन है। इससे रनिंग स्टाफ को बचना चाहिए। इसके बाद घटना का एनिमेटेड प्रस्तुतिकरण और विश्लेषण किया गया। इसके बाद बच्चों ने ट्रेन ओवरशूट से संबंधित लिखे स्लोगन के पांपलेटस् का प्रदर्शन किया। इस मौके पर रेलवे परिवार के उपस्थित सदस्यों ने खासकर महिलाओं ने रेल के सुरक्षित परिचालन में होने वाली पारिवारिक परेशानियों के बारे में बताया। इस बचाव के सुझाव भी दिए गए। द्वितीय सत्र में कर्मचारियों व उनके बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुती दी गई। जिसमें गीत, डांस, शास्त्रीय नृत्य आदि शामिल है। लोको पायलट एसके मिरी ने ओवरशूट से बचने के लिए आवाह्न करती कविता पाठ की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों को उनकी शानदार प्रस्तुति के लिए पुरस्कृत किया गया।