बिलासपुर: विवाह मंडप बना अखाड़ा! 'शोर मत करो' कहकर दो भाइयों ने दूल्हे के मेहमान को सरेआम पीटा
बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र के सतनाम नगर अमेरी में स्थित पप्पू लाला भवन में चल रहे एक विवाह समारोह में हंसी-मजाक को लेकर हुए विवाद में दो सगे भाइयों, प्रियांशु कुर्रे उर्फ गोल्डी और रिशु कुर्रे ने बंटी मसीह नामक युवक की लात-मुक्कों से बेरहमी से पिटाई कर दी।
Publish Date: Wed, 08 Jul 2026 07:57:25 AM (IST)Updated Date: Wed, 08 Jul 2026 08:03:35 AM (IST)
प्रतीकात्मक चित्र इंटरनेट से लिया गयाHighLights
- सकरी के अमेरी में शादी के घर हंसी-मजाक पर विवाद
- दो भाइयों ने युवक को बेरहमी से पीटा
- कैटरिंग कर्मी पूजा बघेल की शिकायत पर सकरी पुलिस का एक्शन
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: शादी समारोह के दौरान हंसी-मजाक को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने एक युवक की पिटाई कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची महिला के साथ भी गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सकरी क्षेत्र के सतनाम नगर अमेरी निवासी पूजा बघेल (30) कैटरिंग का काम करती हैं।
उन्होंने पुलिस को बताया कि वह सोमवार को मन्नू कुर्रे के विवाह समारोह में पप्पू लाला भवन सतनाम नगर अमेरी गई थीं। रात करीब आठ बजे वह अपने बहनोई बंटी मसीह के साथ बैठकर बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान अमेरी निवासी प्रियांशु कुर्रे उर्फ गोल्डी और उसका भाई रिशु कुर्रे वहां पहुंचे। दोनों ने उनसे हल्ला-गुल्ला नहीं करने को कहा।तब पूजा ने कहा कि शादी का माहौल है, इसलिए हंसी-मजाक और शोर-शराबा होना स्वाभाविक है।
इसी बात से नाराज होकर दोनों भाइयों ने उनके और बंटी मसीह के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद दोनों ने बंटी मसीह की हाथ, मुक्कों और लात से पिटाई कर दी, जिससे उसके चेहरे पर चोट आई।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर का एक विलेन और इतने रूप! कभी एसपी तो कभी वकील बन, सब्जी भाजी की तरह ऐंठ लिए 25 लाख
मारपीट होते देख मौके पर मौजूद प्रेम खुंटे और देवेंद्र खांडे ने बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। घटना के बाद पूजा बघेल की शिकायत पर पुलिस ने प्रियांशु कुर्रे उर्फ गोल्डी और रिशु कुर्रे के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और धमकी देने की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।