बिलासपुर आरक्षण केंद्र में तत्काल के समय लिंक फेल, नहीं हो सका रिजर्वेशन
उसलापुर रेलवे आरक्षण केंद्र में लोगों को हुई परेशानी।
By anil.kurrey
Edited By: anil.kurrey
Publish Date: Sun, 28 Nov 2021 03:20:00 PM (IST)
Updated Date: Sun, 28 Nov 2021 03:20:13 PM (IST)

बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। उसलापुर रेलवे आरक्षण केंद्र में रविवार की सुबह तत्काल में रिजर्वेशन नहीं हो सका। सुबह 10:55 बजे अचानक लिंक फेल हुआ और 11:15 बजे चालू हुआ। जबकि 11 बजे तत्काल का समय रहता है। इसके लिए सुबह 10:30 बजे से लोगों को टोकन भी दे दिया गया था। रिजर्वेशन नहीं होने लोग मायूस हो कर लौट गए।
रेलवे के किसी भी आरक्षण केंद्र में सबसे ज्यादा भीड़ या यूं कहे की मशक्कत तत्काल के समय में लोग करते हैं। इस समय में पांच सात मिनट ही महत्वपूर्ण होता है। यदि इस अवधि में रिजर्वेशन हो गया तो ठीक, नहीं प्रतीक्षा सूची आने लगती है। लोगों को यह जानकारी है। यहीं वजह सुबह आठ बजे से उसलापुर के आरक्षण केंद्र में लोगों की भीड़ शुरू हो जाती है। रविवार को भी नजारा कुछ इसी तरह था।
पहले टोकन लेकर रिजर्वेशन कराने के लिए लोग कतार में खड़े हुए थे। जैसे सुबह 10:30 बजे टोकन मिलना शुरू हुआ। सभी को बारी- बारी टोकन दिए गए। फार्म भरकर सभी इसी तैयारी में थे कि जैसे ही रिजर्वेशन शुरू होगा उन्हें कंफर्म सीट मिल जाएगी। पर उनकी पूरी मेहनत बेकार रही। जैसे समय 10:55 हुआ। अचानक लिंक फेल हो गया। इसके बाद लोगों में हड़बड़ी होने लगी। कुछ तो हल्ला भी मचाने लगे। पर रेलकर्मी ने उन्हें तकनीकी समस्या बताई।
इसके बाद वे लिंक चालू होने का इंतजार करने लगे। देखते ही देखते 20 मिनट गुजर गए पर लिंक नहीं आया। आखिर में जब लिंक आया और लोगों ने फार्म जमा कर रिजर्वेशन कराने की प्रयास किया। सभी ट्रेनों में प्रतीक्षा सूची आ गई। ऐसी स्थिति में मायूस होकर लौट गए। जाहिर है कि अब उन्हें दूसरे दिन जद्दोजहद करनी पड़ेगी।