
बिलासपुर, नईदुनिया प्रतिनिधि। शराब बेचने वाले कोचिए अब पुलिस को चकमा देने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे हैं। रविवार को दूध बेचने वाला ग्रामीण दूध के डिब्बे में शराब की बोतल छिपाकर ले जा रहा था। चकरभाठा पुलिस ने बाइक सवार ग्रामीण को पकड़ लिया। उसके पास से 49 पाव शराब जब्त की गई है।
चकरभाठा टीआई राजेश श्रीवास्तव ने सभी पुलिसकर्मियों को अवैध शराब की बिक्री करने वालों की गतिविधियों पर नजर रखने व सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया है। लिहाजा, पुलिस की टीम आसपास के गांव में मुखबिर लगाकर लगातार कार्रवाई कर रही है। वहीं अब गांव-गांव में शराब की अवैध बिक्री की सूचनाएं मिलने लगी है। रविवार को पुलिस को खबर मिली कि हिर्री क्षेत्र के ग्राम खजरी निवासी मनीराम यादव पिता राधेलाल यादव(28) दूध का कारोबार करता है।
वह दूध के डिब्बे में चकरभाठा से शराब की बोतलें रखकर ले जाता है और गांव-गांव में शराब की अवैध बिक्री करता है। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। दोपहर को उसके गांव लौटने पर पकड़ लिया। बाइक सवार युवक के दूध के डिब्बों की तलाशी लेने पर 49 पाव अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने आरोपी युवक की बाइक व दूध के डिब्बे के साथ ही शराब को जब्त कर लिया है। आरोपी युवक के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
शासकीय शराब दुकान के सेल्समैन की भूमिका संदिग्ध
आरोपी दूधवाले ने चकरभाठा स्थित शासकीय शराब दुकान से शराब की बोतलें खरीदने की जानकारी दी है। पुलिस ने उससे शराब दुकान से इतनी बड़ी मात्रा में शराब नहीं मिलने की बात कही तो वह गोलमोल जवाब देने लगा। युवक ने पुलिस को गुमराह करते हुए कहा कि पांच-छह अलग-अलग युवक मिलकर लाइन लगाकर शराब खरीदे हैं। लेकिन, पुलिस को यह मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस को शक है कि शासकीय शराब दुकान के सेल्समैन की मिलीभगत से आरोपी को शराब उपलब्ध कराई गई होगी। पुलिस इस मामले की जांच कर शराब की जानकारी जुटा रही है।
घर में शराब बेच रहा था ग्रामीण
चकरभाठा पुलिस ने नयापारा में भी कार्रवाई की। यहां पुलिस की टीम ने शिवकुमार पिता दयाराम के घर की तलाशी ली। वह अपने घर में शराब की अवैध बिक्री कर रहा था। पुलिस ने उसके घर से 13 पाव शराब जब्त की है। पुलिस ने आरोपी ग्रामीण के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
बिल्हा व सीपत में भी हुई कार्रवाई
पुलिस अफसरों के निर्देश पर रविवार को बिल्हा पुलिस ने ग्राम बरतोरी में छापा मारा। इस दौरान ग्रामीण कृष्णकुमार पिता दाउराम कश्यप के पास से 18 पाव शराब जब्त की गई। पुलिस उसे पकड़कर थाने ले आई। शराब की जानकारी लेने पर युवक पुलिस को गोलमोल जवाब देता रहा। सीपत पुलिस ने भी रविवार को ग्राम सोंठी निवासी राजू पिता महेंद्र राम को पकड़ लिया। उसके घर की तलाशी लेकर पुलिस ने 17 पाव शराब जब्त की है।