Mahavir Jayanti 2023: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। स्थानकवासी जैन समाज टिकरापारा ने मंगलवार को महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव धूमधाम से मनाया। प्रभात फेरी निकाली गई। समाज के लोगों ने भगवान महावीर के 'जियो और जीने दो' के संदेश को दोहराया। नवकार जाप भक्ति भजन के साथ प्रभात फेरी का समापन टिकरापारा जैन भवन में हुआ।
श्री दशा श्रीमाली स्थानकवासी जैन संघ टिकरापारा के द्वारा आज महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव मनाया गया। सुबह छह बजे प्रभात फेरी निकाली गई और समाज के सभी श्रावक-श्राविका एवं बालक-बालिकाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। भगवान महावीर स्वामी के जयकारे लगाते हुए टिकरापारा जैन भवन से मन्नू चौक, दयालबंद, जगमल चौक होते हुए वापस जैन भवन में आकर प्रभात फेरी संपन्न् हुई। इसके बाद महावीर जन्म कल्याणक निमित्त सभा रखी गई।
इसमें नवकार मंत्र का जाप, भगवान महावीर के उद्देश्य का स्मरण करते हुए भजन गए। समाज के अध्यक्ष भगवानदास सुतारिया के द्वारा उद्बोधन बाद मांगलिक कहकर सभा समाप्त की गई। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से खुशाल तेजाणी, दीपक गांधी, कीर्ति गांधी, किशोर देसाई, कीर्ति सुतारिया, राजू तेजाणी, शरद दोशी, गोपाल वेलाणी, मनीष भाई शाह, राकेश तेजाणी, केतन सुतारिया, सुनील वेलाणी, प्रदीप दामाणी, भावेश गांधी सहित समाज के अन्य लोग उपस्थित थे।
हिंदी पंचांग के अनुसार, चैत्र माह में शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी को महावीर जयंती मनाई जाती है। इस साल दिगंबर जैन समाज ने सोमवार को सरकंडा से विशाल शोभायात्रा निकाल कर महावीर जयंती मनाई। वहीं, श्वेतांबर समाज ने मंगलवार को प्रभात फेरी का आयोजन किया। समाज के लोगों ने इस साल पहली बार दो दिनों तक धूमधाम से जयंती मनाई। महावीर स्वामी अहिंसा के प्रतीक थे। उन्होंने 'जियो और जीने दो' के संदेश को अपनाया। इसे प्रभात फेरी में वाचन किया गया।