नशे के खिलाफ पचपेड़ी के महिलाओं का हल्ला बोल, लीलागर नदी में छिपा रखा था महुआ लहान, ढूंढ कर किया नष्ट
बिलासपुर के पचपेड़ी क्षेत्र स्थित ग्राम सोन की महिलाओं ने नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए लीलागर नदी में छिपाकर रखा गया महुआ लहान खोज निकाला। महिलाओं ने पुलिस को बुलाकर उनकी मौजूदगी में लहान को नष्ट कर दिया। पचपेड़ी टीआई कमला पुसाम ने महिला समूह के सहयोग की सराहना करते हुए अवैध शराब कोचियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Publish Date: Sun, 30 Aug 2026 10:34:34 PM (IST)Updated Date: Sun, 30 Aug 2026 10:34:34 PM (IST)
नदी से महुआ लहान निकालकर नष्ट करती महिलाएंHighLights
- लीलागर नदी से बोरियों में भरा महुआ लहान महिलाओं ने निकाला।
- पचपेड़ी पुलिस की मौजूदगी में मौके पर लहान नष्ट किया गया।
- गांव में पूछताछ कर अवैध शराब कोचियों की तलाश तेज।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम सोन स्थित सबरिया डेरा के पास शराब कोचियों ने महुआ लहान छुपा रखा था। गांव की महिला समुह के सदस्यों ने इसे नदी से निकालकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में महुआ लहान को नष्ट कर दिया गया है।
साथ ही अवैध शराब की बिक्री करते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। पचपेड़ी टीआइ कमला पुसाम ने बताया कि ग्राम सोन की महिलाओं ने नशे के खिलाफ अभियान चला रखा है। पुलिस की ओर से भी महिला समुह को लगातार सहयोग किया जा रहा है।
शनिवार की शाम महिलाओं ने लीलागर नदी से बोरियों में भरे लहान निकाला। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इस पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में महिलाओं ने लहान नष्ट कर दिया। महिलाओं ने बताया कि कोचियों ने नदी में और भी लहान छुपा रखा है। अब पुलिस गांव में पूछताछ कर शराब कोचियों की तलाश कर रही है।