
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि बढ़ा दी गई है। अब योजना का लाभ 31 दिसंबर तक लिया जा सकेगा। इससे छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के घरेलू बीपीएल एवं कृषि श्रेणी के आश्रित उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल के निपटारे में राहत मिलेगी।
कार्यालयीन आदेश के अनुसार, योजना की अवधि पहले 30 सितंबर तक बढ़ाई गई थी। अब संशोधित आदेश के माध्यम से इसकी अवधि पुनरीक्षित करते हुए 31 दिसंबर तक बढ़ा दी गई है। योजना के तहत पात्र उपभोक्ताओं को बकाया राशि की मूल राशि एवं अधिभार की राशि में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार छूट प्रदान की जानी है।
योजना की अवधि बढ़ाए जाने से ऐसे पात्र उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिल के समाधान के लिए अतिरिक्त समय मिल गया है। इससे बिजली बिल संबंधी लंबित प्रकरणों के निपटारे और उपभोक्ताओं को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।