पामगढ़ में बड़ा हादसा: उफनती लीलागर नदी में बही महिला की 72 घंटे बाद मिली लाश, पचपेड़ी के सोन गांव में पसरा मातम
लीलागर नदी में उफान का कहर: 72 घंटे बाद सोन के खलखला घाट पर तैरती मिली लापता महिला की लाश; जेवरा निवासी रमाबाई चौहान के घर में मातम
Publish Date: Wed, 19 Aug 2026 03:10:14 PM (IST)Updated Date: Wed, 19 Aug 2026 03:10:14 PM (IST)
72 घंटे बाद लीलागर नदी में मिली महिला की लाशHighLights
- लीलागर नदी के एनिकट में बही महिला का शव मिला।
- 72 घंटे बाद बिलासपुर के सोन गांव में मिला शव।
- पामगढ़ व पचपेड़ी पुलिस ने पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जोंधरा पामगढ़: पामगढ़ ब्लॉक के ढाबाडीह-टांगर डेम के पास लीलागर नदी में बने एनिकट से बहकर लापता हुई 40 वर्षीय महिला का शव 72 घंटे बाद बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र में मिला। महिला की पहचान जेवरा निवासी रमाबाई चौहान पति अजीत चौहान के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रमाबाई चौहान रविवार को ढाबाडीह-टांगर डेम के पास लीलागर नदी में बने एनिकट के आसपास थीं। इसी दौरान वह नदी के तेज बहाव में बह गईं। घटना की सूचना के बाद पामगढ़ पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने महिला की तलाश शुरू की। नदी के बहाव और पानी की स्थिति के कारण तलाश में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
लगातार तलाश के बाद महिला का शव बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत सोन के लीलागर नदी स्थित खलखला घाट के पास मिला। शव मिलने की सूचना मिलते ही पामगढ़ और पचपेड़ी पुलिस के साथ राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई की।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना की जांच की जा रही है। महिला के नदी में बहने के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है। शव मिलने की सूचना पर महिला के परिजन भी मौके पर पहुंचे। 72 घंटे बाद शव मिलने से परिवार में मातम छा गया।