
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। दीपावली की रात तिफरा स्थित एक आरा मिल में भीषण आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग की चपेट में आकर मिल में रखी बड़ी मात्रा में लकड़ियां और अन्य सामान जलकर खाक हो गए। आग इतनी भयावह थी कि उस पर काबू पाने में दमकलकर्मियों को पूरी रात मशक्कत करनी पड़ी। घटना की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिरगिट्टी टीआइ किशोर केंवट ने बताया कि गोंडपारा में रहने वाले श्रेष्ठ बतरा आरा मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। उनकी तिफरा में सुभाष आरा मिल है। आरा मिल में दीपावली की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच अचानक आग लग गई। शुरुआती दौर में आग छोटी दिखाई दे रही थी, लेकिन मिल में बड़ी मात्रा में सूखी लकड़ियां रखी होने के कारण कुछ ही देर में लपटें तेजी से फैलने लगीं।
देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दे रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन लकड़ियों के बड़े स्टाक के कारण आग पर नियंत्रण पाना आसान नहीं था।
पूरी रात दमकल वाहन मौके पर तैनात रहे और लगातार पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया। अगले दिन सुबह तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा। इस दौरान मिल में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। सिरगिट्टी टीआइ ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है।