बिलासपुर। Bilaspur News: अरपा नदी के दोनो किनारों पर बन रहें रिवर व्यू सड़क का महापौर रामशरण यादव, नगर निगम कमिश्नर अजय कुमार त्रिपाठी, कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, सभापति शेख नजीरूद्दीन और नगर निगम के अधिकारियों ने गुरुवार को निरीक्षण किया। इस दौरान महापौर रामशरण यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के घोषणा के अनुरूप बिलासपुर की जीवनदायिनी अरपा नदी को संवारने का काम शुरू हो गया है। अरपा नदी के दोनों किनारे सड़क निर्माण व सुंदरीकरण का वर्क आर्डर जारी कर अब यहां काम शुरू कराया गया है।
ऐसे में गुणवत्ता का विशेष ध्यान दिया जाएगा काम में लापरवाही बर्दादस्त नहीं की जाएगी। इसके लिए निगम के अधिकारियों को इस ओर विशेष ध्यान देने कहा गया है। इसमें अरपा नदी में पानी के बहाव के लिए 250 मीटर जगह छोड़कर नदी के दोनों ओर इंदिरा सेतु से शनिचरी रपटा तक 1.8 किलोमीटर की सिक्सलेन का निर्माण किया जाएगा। एक ओर की सड़क की चौड़ाई 100 फीट रहेगी। दूसरी ओर 80 फीट चौड़ाई फोरलेन सड़क होगी। जहां नदी की दाई ओर सिक्सलेन सड़क बनेगी तो बाईं ओर फोरलेन सड़क बनाई जाएगी।
इस पूरे प्रोजेक्ट की लागत 94.60 करोड़ है। अरपा प्रोजेक्ट में सड़क के अलावा दोनों ओर पौधारोपण किया जाएगा। लोगों के चलने के लिए फूटपाथ होगा। आकर्षक दिशा सूचक बोर्ड लगाएं जाएंगे। इसके अलावा बैठने लिए बेंच भी रहेंगे। आकर्षक स्ट्रीट और सोलर लाइट भी लगाई जाएगी। प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष अटल श्रीवास्तव ने कहा कि अरपा के दोनों ओर चौड़ी सड़क और हरियाली बनने से जहां शहर पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
वहीं अरपा में दो चेक डैम बनने से 12 महीने पानी भरा रहेगा और शहर का जलस्तर भी इससे ऊपर उठेगा। अब पानी की समस्या नहीं होगी। शहरवासियों का एक बड़ा सपना पूरा हो रहा है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सिंह चौहान, कांग्रेस शहर अध्यक्ष प्रमोद नायक, ईई पीके पंचायती सहित निगम के अधिकारी उपस्थित रहें।