बिलासपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग रायपुर की ओर से आयोजित सिविल जज परीक्षा की मेरिट लिस्ट में शहर की बेटी मिनी ठाकुर ने सातवां स्थान प्राप्त कर बिलासपुर का मान बढ़ाया है। मिनी पूर्व पुलिस अधीक्षक स्व़ प्रताप सिंह ठाकुर की पुत्री हैं। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए ही मिनी ने पढ़ाई के माध्यम से सफलता प्राप्त करने की ठानी थी।
मिनी बताती हैं कि वे इस परीक्षा की तैयारी पूरी लगन से करती आ रही थी। इस परीक्षा का पास कर सिविल जज बनने का लक्ष्य बनाकर चल रही थीं। इस लक्ष्य की प्राप्ति पर मिनी का कहना है कि वे अब इसके माध्यम से लोगों व देश की सेवा करने का काम करेंगी। मिनी की प्रारंभिक शिक्षा कांकेर में हुई है। वनांचल क्षेत्र के होने के बाद बचपन से ही वह पढ़ने में तेज रही हैं और हर साल कक्षा में फर्स्ट क्लास प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ी हैं। उनके इस उपलब्धि से बिलासपुर का भी मान बढ़ा है।
एसपी पिता हुए थे नक्सली हमले में घायल
मिनी के पिता पुलिस अधीक्षक स्व़ प्रताप सिंह ठाकुर कांकेर में पदस्थ रहे, जहां अक्सर नक्सली मूवमेंट होता रहता था। एक बार उनके पिता भी नक्सली हमले में घायल हुए थे। ऐसे में कांकेर में रहते हुए मिनी को भी कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। हमले के डर के बीच भी वह पूरी निष्ठा से पढ़ाई करते हुए आगे बढ़ती गई और अब सफलता के पहले पायदान पर पहुंची हैं।
इंजीनियरिंग, एलएलबी और एलएलएम की परीक्षा भी की पास
मिनी इंजीनियरिंग भी कर चुकी हैं। इसके साथ ही उन्होंने एलएलबी और एलएलएम की डिग्री प्राप्त की है। उनकी पढ़ाई में सहयोग उनके बड़े भाई जांजगीर जिला अस्पताल में पदस्थ डा़ निलेश ठाकुर करते हैं और उनके मार्गदर्शन में उन्होंने पढ़ाई को जारी रखा।