बिलासपुर के अपोलो चौक पर बदमाशों का आतंक, बाइक सवार को चाकू मारकर किया घायल, दो घंटे मचाया उत्पात
बिलासपुर के अपोलो चौक पर आधा दर्जन युवकों ने बाइक सवार पर हमला कर घायल किया, दो घंटे उत्पात मचाया, घायल का सिम्स में उपचार चल रहा है।
Publish Date: Fri, 27 Nov 2026 03:45:08 PM (IST)Updated Date: Fri, 27 Nov 2026 03:45:08 PM (IST)
आधी रात सड़क पर उत्पात मचाते बदमाशHighLights
- अपोलो चौक पर बदमाशों ने बाइक सवार पर हमला किया
- युवकों ने दो घंटे तक सड़क पर जमकर उत्पात मचाया
- घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया उपचार जारी है
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के अपोलो अस्पताल चौक के पास बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। आधा दर्जन से अधिक युवकों ने रामनगर जा रहे बाइक सवार को रास्ते में रोककर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वार इतना खतरनाक था कि चाकू उसकी पीठ में ही धंसा रह गया।
घायल को परिजन तत्काल सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। सरकंडा क्षेत्र के लिंगियाडीह अपोलो चौक निवासी ईश्वर गोंड पिता नंदू गोंड मंगलवार रात करीब 11:30 बजे बाइक से रामनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में मौजूद युवकों ने उसे रोक लिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
जान बचाने के लिए ईश्वर किसी तरह वहां से भागा और घर के पास पहुंचा। तब उसे पता चला कि चाकू उसकी पीठ में फंसा हुआ है। यह देखकर परिजन घबरा गए और उसे अस्पताल पहुंचाया।
यह भी पढ़ें- रात में पेड़ काटा, बिजली लाइन पर गिरा, बिलासपुर 500 घरों में छाया अंधेरा, अब मालिक भरेगा जुर्माना
दो घंटे तक सड़क पर मचाते रहे उत्पात
अपोलो चौक के पास आधा दर्जन से अधिक युवक करीब दो घंटे तक हंगामा और उत्पात करते रहे। इस दौरान इलाके में आने-जाने वाले लोग दहशत में रहे। इसी बीच पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना के बाद भी पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने को लेकर लोगों में नाराजगी है।
वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर किया वायरल
अपोलो चौक के पास युवकों के उत्पात और मारपीट की घटना को मोहल्ले के लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। इसके बाद वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की गश्त को लेकर सवाल उठ रहे हैं।