कोटा में बुर्का पहनकर घर में घुसे बदमाश; महिला पर तानी पिस्टल, जेवर लूटकर हुए फरार
बिलासपुर के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मझगांव में शुक्रवार की रात बुर्का पहनकर घर में घुसे शातिर बदमाशों द्वारा बुजुर्ग दंपती पर जानलेवा हमला करन...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 19 Jul 2026 02:10:27 PM (IST)Updated Date: Sun, 19 Jul 2026 02:10:27 PM (IST)
प्रतीकात्मक चित्र (एआइ निर्मित)HighLights
- बाथरूम जाने के लिए पति ने खोला दरवाजा, बुर्काधारी बदमाशों ने दबोचा गला
- तकिए से मुंह दबाया और तान दी पिस्टल, सहमी बुजुर्ग महिला ने सौंप दिए जेवर
- छीना-झपटी में दंपती लहूलुहान, सुबह बेटे और दामाद के आने पर दर्ज हुई एफआईआर
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। कोटा क्षेत्र के ग्राम मझगांव में शुक्रवार की रात एक सनसनीखेज लूट की वारदात सामने आई है। बुर्का पहनकर घर में घुसे बदमाश ने पहले बुजुर्ग दंपती पर हमला किया और फिर पिस्टल दिखाकर महिला से करीब 50 हजार रुपये के सोने के जेवर लूटकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम मझगांव निवासी राजकुमारी जायसवाल ने कोटा थाने में लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 10 बजे भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चली गई थीं। इसी दौरान उनके पति छेदीलाल जायसवाल बाथरूम जाने के लिए घर का दरवाजा खोलकर बाहर निकले। उसी समय एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके पति का गला और मुंह दबा दिया।
पति की हल्की आवाज सुनकर जब राजकुमारी उठने लगीं तो काला बुर्का पहने एक अन्य व्यक्ति उनके कमरे में पहुंच गया। बदमाश ने पिस्टल दिखाकर उन्हें धमकाया और तकिए से उनका मुंह दबा दिया। जान से मारने की धमकी मिलने पर उन्होंने बदमाश से कहा कि मारपीट न करे और जो लेना हो ले जाए। इसके बाद उन्होंने अपने गले में पहने तीन फल वाले सोने के लाकेट, दो गेहूं दाना डिजाइन के सोने के आभूषण और दो जोड़ी झुमके लुटेरों को दे दिए।
घटना के दौरान महिला के साथ छीना-झपटी भी हुई, जिससे उनके बाएं हाथ, बाईं जांघ और पेट में चोटें आईं। वहीं पति छेदीलाल जायसवाल के मुंह से खून निकलने लगा। वारदात के बाद दंपती ने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी तथा अपने बेटे विनोद कुमार और दामाद रामदयाल को बुलाया। उनके पहुंचने के बाद अगले दिन शनिवार को कोटा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।