Bilaspur News: बकायादारों की सूची में और भी सरकारी विभाग, वसूली होगी तेज
Bilaspur News: नोटिस देकर जमा करने की चेतावनी फिर होगी कनेक्शन काटने की कार्रवाई
By sandeep.yadav
Edited By: sandeep.yadav
Publish Date: Sun, 14 Nov 2021 09:18:00 AM (IST)
Updated Date: Sun, 14 Nov 2021 09:18:20 AM (IST)

बिलासपुर। Bilaspur News: बकायादारों की सूची में पांच विभागों के अलावा अन्य विभाग भी शामिल हैं। वसूली के लिए नोटिस देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके बाद भी यदि बकाया जमा नहीं करते हैं तो कंपनी बिना किसी मोहलत के कनेक्शन काटने की कार्रवाई करेगी। वर्तमान में जिन विभागों पर बकाया है उनकी राशि समेत सूची बनाई जा रही है।
आम उपभोक्ताओं के बाद कंपनी की नजर सरकार विभागों पर है। हालांकि अभी तक इन्हें छूट दी जा रही थी। कोरोनाकाल में तो वसूली का काम पूरी तरह ठप था। इसके चलते बकाया बढ़कर 45 करोड़ के लगभग पहुंच गया है। इसे देखते हुए ही अब इन विभागों से भी वसूली करने का निर्देश मिला है। हालांकि वसूली के दौरान किश्तों में जमा करने की छूट दी जाएगी। इसी के आधार पर नोटिस बनाया जा रहा है।
कुछ विभागों में अधिकारी खुद नोटिस भेजने के अलावा अफसरों से मुलाकात करेंगे। तोरवा व नेहरू नगर मंडल के अधिकारियों ने भेंटकर बकाया की सूचना भी दी है, ताकि वे इसे जमा करने में रुचि लें। दीपावली के बाद से आम उपभोक्ताओं पर भी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। दीपावली के बाद छठ पर्व के कारण अभियान नहीं चलाया गया।
पर सोमवार 15 नवंबर से कंपनी की टीम एक बार फिर कमर कसेगी और जिनके घरों के कनेक्शन पूर्व में काट दिए गए हैं उन्हें भुगतान करने के लिए कहा जाएगा। इसके अलावा जिन्होंने पूरा जमा नहीं किया उनके घर भी टीम दोबारा पहुंचेगी। दरअसल दिसंबर तक बकाया खत्म करने का लक्ष्य है। यह तभी संभव हो पाएगा जब कंपनी सख्ती बरतेगी।