
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। रतनपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर सड़क किनारे अंधेरे में खड़ा ट्रक बाइक सवार युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। ग्राम भरारी के पास बुधवार शाम करीब सात बजे तेज रफ्तार बाइक पीछे से ट्रक में जा घुसी। ट्रक के पिछले हिस्से में लगा लोहे का एंगल तक मुड़ गया। हादसे में बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
रतनपुर टीआइ निलेश पांडेय ने बताया कि बाइक पर सवार दो युवक बुधवार शाम रतनपुर की ओर से बिलासपुर आ रहे थे। वे भरारी के पास मुख्य मार्ग पर पहुंचे ही थे कि सड़क पर अंधेरे में खड़ा ट्रक सामने आ गया। घटनास्थल पर एनएच की ओर से बैरिकेडिंग की गई थी और एक कर्मचारी भी मौजूद था।
इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार सड़क से गुजर रहे भारी वाहन और खड़े ट्रक के बीच से निकलने का प्रयास करने लगे। इसी कोशिश में बाइक सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। हादसे में बाइक चला रहे युवक के चेहरे पर गंभीर चोट आई। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, पीछे बैठे युवक को भी गंभीर चोटें आईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
आसपास के लोगों की मदद से घायल को तत्काल रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घायल की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान मुंगेली जिले के ग्राम ढोटमा निवासी विकास साहू के रूप में हुई। उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स रेफर कर दिया गया। वहीं, मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक को जब्त कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि हाईवे पर ट्रक खराब होने की सूचना पर एनएच के कर्मचारियों ने बेरिकेडिंग की थी। साथ ही वहां पर एक कर्मचारी को तैनात कर दिया गया था। अंधेरे में खड़े ट्रक के बगल से दूसरे वाहन गुजर रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार युवक वहां पहुंचे। वे तेज रफ्तार में दो वाहनों के बीच से अपनी बाइक निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। इससे बाइक चला रहे युवक के चेहरे और सिर में गंभीर चोटे आई है।
यह भी पढ़ें- लापता किशोरी की बरामदगी पर मिलेगा 30 हजार नकद इनाम.. सरगुजा रेंज IG ने जारी की घोषणा