
बिलासपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि
मस्तूरी थाने में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पता चला कि ग्रामीण ने रविवार की रात डायल 112 में सूचना दी है कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। शराब के नशे में धुत ग्रामीण ने कहा कि साहब मुझे गिरफ्तार कर लीजिए। फिर मामले की तस्दीक करने टीम गांव पहुंची। सच्चाई सामने आने के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया।
घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम टिकारी की है। यहां रहने वाला बबलू उर्फ बिट्टू टंडन पिता रमेश टंडन (28) रोजी-मजदूरी करता है। वह शराब पीने का आदी था। बबलू रविवार की सुबह करीब 10 बजे घर से निकला था और दिनभर घर नहीं पहुंचा। शाम करीब पांच बजे वह घर आया, तब उसकी पत्नी विमलाबाई टंडन (26) गांव के साप्ताहिक बाजार में सब्जी लेने गई थी। वह फिर अपनी पत्नी को खोजने के लिए बाजार चला गया। लेकिन, तब तक उसकी पत्नी विमला घर पहुंच गई थी और वह फिर बाजार में रुक गया। देर शाम करीब 7.30 बजे वह शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। तब उसकी पत्नी ने उसे दिनभर गायब रहने को लेकर पूछताछ की। इसी बात को लेकर उसने गाली-गलौज शुरू कर दिया। फिर बाद में विमला के साथ मारपीट करते हुए उसे जमीन पर गिरा दिया और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इस बीच रात में उसने पुलिस की 112 को सूचना दी। पुलिस ने आरोपित पति बबलू के खिलाफ धारा 302 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
छह माह की बेटी व अन्य बच्चों के सिर से उठा मां-बाप का साया
आरोपित बबलू के चार बच्चे हैं, जिनमें सबसे बड़ी बेटी सात साल की है। छह माह की दूधमुंही बेटी भी है और एक बेटा है। पत्नी की हत्या के बाद अब उसे जेल की सलाखों में जीवन गुजारना पड़ेगा। इस तरह अब उसके मासूम बच्चों को बिना मां-बाप के सहारे जीवन बिताना पड़ेगा।
दादा-दादी के पास हैं बच्चे
वारदात के बाद पुलिस ने आरोपित पति को हिरासत में ले लिया। वहीं शव का पंचनामा कर उसे परिजन को सौंप दिया। इस बीच मृतक महिला व आरोपित के बच्चों को उनके दादा-दादी ने रख लिया है। फिलहाल, दादा-दादी ही उनकी देखरेख कर रहे हैं।
ससुराल वालों ने कहा- झूठ काबर बोलत हस
पत्नी की हत्या करने के बाद नशे में धुत बबलू ने अपने ससुरालवालों को भी फोन कर इस घटना की जानकारी दी। तब उसके ससुरालवालों को भी भरोसा नहीं हुआ। इस पर उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि झूठ काबर बोलतस, तय अइसन नई करे होबे। लेकिन, उन्हें क्या पता था कि सच में उसने हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया है।