
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में मरीजों की सुरक्षा, संक्रमण नियंत्रण और उपचार की गुणवत्ता को उच्च स्तर पर ले जाने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फार हास्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (एनएबीएच) की विशेषज्ञ टीम ने दो दिनों (23 और 24 नवंबर) तक अस्पताल की तैयारियों का गहन मूल्यांकन किया।
एनएबीएच के छठवें संस्करण के मानकों पर आधारित इस एंट्री लेवल असेसमेंट में टीम ने विभिन्न विभागों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुधार के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
सिम्स डीन डा़ रमणेश मूर्ति के निर्देशन में आयोजित इस निरीक्षण में एनएबीएच के मूल्यांकन दल से वरिष्ठ विशेषज्ञ (गुणवत्ता एवं संचालन) डा़ सौविक दास, वरिष्ठ सलाहकार जयेश तावड़े और सलाहकार ऋषभ जायसवाल शामिल रहे। टीम ने भर्ती मरीज विभाग (आईपीडी), आपातकालीन विभाग, गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू), आपरेशन थिएटर, ब्लड बैंक, बर्न वार्ड, फार्मेसी, प्रयोगशाला और रेडियोलाजी विभाग की कार्यप्रणाली को बारीकी से परखा।
विशेषज्ञों ने साफ-सफाई, अभिलेख संधारण, उपलब्ध संसाधनों और निर्धारित प्रोटोकाल के पालन की स्थिति का आकलन किया। मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान डा़ मधुमिता जी मूर्ति, डा़ अर्चना सिंह, डा़ समीर पैकरा, डा़ अमित कुमार ठाकुर, डा़ सुचिता सिंह, सहायक नोडल अधिकारी गरिमा पांडेय, डा़ रेखा बारापात्रे, डा़. सागरिका प्रधान सहित सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
अधिष्ठाता डा़ रमणेश मूर्ति ने कहा कि मरीजों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देना सिम्स की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एनएबीएच के मानक केवल मान्यता दिलाने की प्रक्रिया नहीं हैं, बल्कि ये अस्पताल की कार्यप्रणाली में निरंतर सुधार लाने और उपचार को अधिक सुरक्षित बनाने का जरिया हैं। इस मूल्यांकन से हमें अपनी तैयारियों को परखने और कमियों को दूर कर प्रभावी कदम उठाने का अवसर मिला है।
संयुक्त संचालक सह चिकित्सा अधीक्षक डा़ लखन सिंह ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सभी विभागों का आपसी समन्वय आवश्यक है। एनएबीएच मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं विकसित करने में चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों की अहम भूमिका है। टीम द्वारा दिए गए सुझावों पर अमल करते हुए आवश्यक सुधार किए जाएंगे।