National Youth Day 2023: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। इतिहास मुड़ता है उधर, जिस तरफ जवानी चलती है। इसी ध्येय वाक्य का पालन कर बिलासपुर के चार युवा नए भारत की परिकल्पना को पूरा कर रहे हैं। उनकी अलग सोच और दृढ़ निश्चय से वाकई समाज की तस्वीर बदलने लगी है। जिंदगी में बदलाव शुरू हो चुका है। भिक्षुक को रोजगार, किसान के पास नवाचार, बच्चों की सुरक्षा और स्वदेशी सामान से देश को मजबूत बन रहा है।
न्यायधानी के सामाजिक संस्था मार्मिक चेतना से जुड़ी अंकिता पांडेय शुक्ला, फुलवारी संस्था के नितेश साहू, नेहरू युवा केंद्र के धनेश कुमार और अजय यादव की सोच समाज के लोगों को कुछ अलग करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। उनका काम समाज और राष्ट्र को मजबूती भी प्रदान कर रहा है। इसके कारण देशभर में इनके कार्यों की सराहना हो रही है।
अंकिता बनीं शहर के भिक्षुकों का सहारा
सामाजिक संस्था मार्मिक चेतना से जुड़ी अंकिता पांडेय शुक्ला भिक्षावृत्ति को समाप्त करने मुहिम चला रही हैं। भिक्षुकों को वजन मशीन प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत व सशक्त बना रही हंै। वहीं, बच्चों को अच्छे स्पर्श एवं बुरे स्पर्श, यौन शोषण, महावारी प्रबंधन, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने प्रेरित कर रही है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा कर्नाटक राज्य के हुबली में 12 से 16 जनवरी को आयोजित हो रहे 26वें राष्ट्रीय युवा उत्सव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
नितेश बना रहा किसानों की राह आसन
राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता नितेश साहू लोरमी सहित बिलासपुर जिले के किसानों की राह आसान बना रहा है। नवाचार के माध्यम से उन्हें देश-विदेश में होने वाली खेती से स्थानीय किसानों को अवगत कराते हैं। बैंक लोन से लेकर घुरवा प्रोजेक्ट चलाकर खेती में नई क्रांति लाने जुटे हुए हैं। नितेश के साथ महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और झारखंड के किसान भी जुड़े हुए हैं। यही कारण है कि राष्ट्रीय युवा पुरस्कार कार्यक्रम में इस साल भी नितेश को केंद्र सरकार ने आमंत्रित किया है। निश्चित रूप से इसका लाभ समाज को मिलेगा।
बच्चों की सुरक्षा पर धनेश की चेन
नेहरू युवा केंद्र बिलासपुर के स्वयंसेवक धनेश कुमार का काम भी सबसे अलग है। धनेश छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक चेन बनाकर काम कर रहा है। गांव से लेकर शहर तक नेहरू युवा केंद्र सहित राष्ट्रीय सेवा योजना और ग्रामीण युवाओं के सहयोग से सूचना तंत्र विकसित किया है। इससे गांव में बच्चा चोर जैसी अफवाहों को खत्म करने और पालकों को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से जागरूक करने में मदद मिलती है। ताकि बच्चा स्कूल से सुरक्षित घर पहुंचे। कर्नाटक में आयोजित नेशनल यूथ फेस्टिवल में धनेश कुमार को भी आमंत्रित किया गया है।
अजय का स्वदेशी अभियान खास
नेहरू युवा केंद्र के स्वयंसेवक और पथरिया निवासी अजय यादव भी कर्नाटक में आयोजित नेशनल यूथ फेस्टिवल का हिस्सा होंगे। केंद्र सरकार ने अजय के उत्कृष्ठ कार्यों को देखते हुए आमंत्रित किया है। स्वदेशी सामान के प्रचार ही नहीं गांव-गांव घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने में अजय महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। स्वदेशी खेल से लेकर घरों से चाइनीज सामान को हटाने में योगदान दे रहा है। अजय ने कोविड-19 महामारी के बीच भी लोगों को घर में उपयोग होने वाले सामान की बकायदा सूची जारी कर स्वदेशी को अपनाने प्रोत्साहित किया है। इसे सभी ने पसंद किया।