
New Year 2023: बिलासपुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। शनिवार को 31 दिसंबर है यानि वर्ष 2022 का अंतिम दिन। पुराने साल की विदाई और नए का स्वागत करने के लिए शहरवासी उत्साहित हैं। इस दौरान शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से गाइडलाइन जारी की गई है। इससे में सबसे प्रमुख है कि नए साल की पार्टी रात साढ़े 12 बजे बंद करनी होगी। इसके बाद यदि आयोजन जारी रहा तो कार्रवाई की जाएगी। इस पर नजर रखने के लिए प्रशासन ने विशेष टीम बनाई है।
नए साल पर उपहारों, फूलों के गुलदस्ते और मुंह मीठा करने की पूरी तरह तैयारी है। इनकी दुकानों में सुबह से ही चहल-पहल नजर आने लगेंगी। युवाओं ने होटल, रेस्टोरेंट या रिसार्ट पर पार्टी देकर नूतन वर्ष को यादगार बनाने की योजना बनाई है। एक बड़ा वर्ग सुबह से धार्मिक स्थलों के लिए रवाना हो जाएगा, ताकि साल के पहले दिन भगवान का आशीर्वाद ले सकेंगे। इतना ही नहीं आतिशबाजी से भी नए साल का स्वागत करने की तैयारी है। पटाखा दुकानों में शुक्रवार को ग्राहकी दिखी। शनिवार को भी इसी तरह लोग नजर आएंगे। दूसरी ओर प्रशासन और पुलिस ने भी इस दौरान कोई भी अप्रिय घटना रोकने के लिए कमर कस ली है।
- प्रशासन द्वारा जांच दल का गठन किया जाएगा।
- पार्किंंग क्षमता अनुसार ही अतिथियों को आमंत्रित करना है। यदि वाहन रोड में पार्क मिले तो वाहनों को जब्त कर लिया जाएगा।
- कार्यक्रम आयोजन के पूर्व जिला प्रशासन को सूचित कर अनुमति लेना अनिवार्य है।
- कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त होने पर आयोजक, संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई होगी।
नए साल पर देर रात तक चलने वाले जश्न पर पुलिस की चौकस नजर रहेगी। इस दौरान होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठान की ओर से आयोजित पार्टियों पर सुरक्षा के इंतजाम किए जाएंगे। इसके अलावा चौक-चौराहों पर पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। इसके लिए अलग से पैट्रोलिंग टीम बनाई गई है। साथ ही शराब पीकर हंगामा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। एएसपी सिटी राजेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि शहर में नए साल के स्वागत की तैयारियां की जा रही है।
इसमें व्यवधान उत्पन्न करने वाले बदमाशों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। नए साल के स्वागत के दौरान शराब पीकर दूसरों के लिए परेशानी उत्पन्न करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शहर के हर चौक-चौराहों पर जवानों को तैनात किया जाएगा। इसके अलावा पैट्रोलिंग टीम बढ़ाई गई है। देर रात तक पुलिस की पैट्रोलिंग टीम शहर में गश्त करेगी। शहर के आउटर में भी पैट्रोलिंग की जाएगी। होटलो और व्यवसायिक प्रतिष्ठान की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भी पुलिस की मौजूदगी रहेगी।
विदेश में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए नव वर्ष के कार्यक्रम में शामिल होने वालों को मास्क पहनकर जाने की समझाइश भी दी जा रही है। कार्यक्रम के आयोजकों को कार्यक्रम स्थल में सैनिटाइजर की व्यवस्था रखने व मास्क की अनिवार्यता की बात भी कही जा रही है।