रीढ़ की हड्डी के मरीजों के लिए बड़ी राहत, बिलासपुर में मुंबई की टीम करेगी निश्शुल्क जांच व ऑपरेशन
बिलासपुर के स्व. दिलीप सिंह जुदेव शासकीय सुपर स्पेशिलिटी हॉस्पिटल, कोनी में 2 से 4 अक्टूबर तक निश्शुल्क स्पाइन (रीढ़ की हड्डी) सर्जरी शिविर आयोजित किय...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 29 Sep 2026 03:31:02 PM (IST)Updated Date: Tue, 29 Sep 2026 03:31:02 PM (IST)
कोनी सुपर स्पेशिलिटी हास्पिटलHighLights
- मुंबई के 9 मशहूर सर्जन करेंगे मुफ्त स्पाइन सर्जरी, बिलासपुर के कोनी अस्पताल में 2 से 4 अक्टूबर तक ले सकते लाभ
- नहीं काटने पड़ेंगे बड़े शहरों के चक्कर, कोनी सुपर स्पेशिलिटी में 2 अक्टूबर से मुफ्त स्पाइन सर्जरी शिविर
- कोनी सुपर स्पेशिलिटी में दोबारा लगेगा स्पाइन सर्जरी शिविर, स्पाइन फाउंडेशन ऑफ इंडिया के 9 विशेषज्ञ देंगे सेवाएं
नईदुनिया प्रतिनिधि,बिलासपुर: आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण अंचलों के स्पाइन (रीढ़ की हड्डी) रोग से पीड़ित मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। शहर के स्व. दिलीप सिंह जुदेव शासकीय सुपर स्पेशिलिटी हास्पिटल कोनी में 2 से 4 अक्टूबर तक तीन दिवसीय निश्शुल्क स्पाइन सर्जरी शिविर लगाया जा रहा है। शिविर में मुंबई के प्रसिद्ध स्पाइन फाउंडेशन आफ इंडिया के 9 वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देने बिलासपुर पहुंचेंगे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को जटिल बीमारियों के इलाज के लिए महानगरों के चक्कर काटने से मुक्ति दिलाना और स्थानीय स्तर पर ही उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। शिविर में प्रदेशभर से आने वाले रीढ़ की हड्डी से जुड़े गंभीर एवं जटिल रोगों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण किया जाएगा।
चिकित्सकीय मूल्यांकन के बाद जिन मरीजों को सर्जरी की आवश्यकता होने पर आपरेशन भी पूरी तरह निश्शुल्क किया जाएगा। इस अभियान में हास्पिटल के न्यूरोसर्जरी विभाग के अनुभवी चिकित्सक भी साझीदार रहेंगे, ताकि मरीजों को बेहतरीन और सुरक्षित इलाज मिल सके।
अप्रैल में भी मिल चुकी है शिविर
इससे पहले भी इसी वर्ष 3 से 5 अप्रैल को हास्पिटल में स्पाइन फाउंडेशन आफ इंडिया के सहयोग से ऐसा ही शिविर लगाया गया था। शिविर की सफलता और मरीजों को मिले अप्रत्याशित लाभ को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने एक बार फिर इस बड़े आयोजन का बीड़ा उठाया है।