
बिलासपुर। जिला उपभोक्ता फोरम ने गलत साइज का जूता नहीं बदलने पर सपना बूट हाउस गोलबाजार को 1 माह के अंदर जूते की कीमत 850 रुपए और 3 हजार मानसिक क्षतिपूर्ति व 2 हजार वाद व्यय समेत 5850 रुपए देने का आदेश दिया है।
बड़ी कोनी निवासी चंद्रकांत श्रीवास पिता रामस्वरूप श्रीवास(23) ने 29 अक्टूबर 2015 को गोलबाजार स्थित सपना बूट हाउस से 850 रुपए में एक्शन कंपनी का जूता खरीदा था। विक्रेता ने जूता देते समय 8 नंबर के बजाय 7 नंबर जूता दिया। साथ ही कहा कि पहनने के बाद फैल कर ठीक हो जाएगा। पहनने के बाद भी जूता नहीं फैला व उसके पैर में तकलीफ होने लगी।
दूसरे दिन दुकान में जाकर शिकायत की। इस पर दुकानदार ने सुधार कर देने की बात कह जूता रख लिया। दूसरे दिन जूता सुधार कर दिया। इसके बावजूद परेशानी होती रही। इस पर उसने बदल कर 8 नंबर जूता देने की मांग की। ऐसा नहीं करने पर जिला उपभोक्ता फोरम में परिवाद पेश किया। नोटिस पर सपना बूट हाउस ने अपने जवाब में कहा कि परिवादी ने जूते को पहनकर संतुष्ट होने के बाद खरीदा था। इसके बावजूद शिकायत पर बिना शुल्क के जूता सुधार कर दिया गया।
जिला उपभोक्ता फोरम के अध्यक्ष अशोक कुमार पाठक, सदस्य प्रमोद वर्मा एवं रीता बरसैंया ने सुनवाई के बाद आदेश में कहा कि जब खरीदार ने जूता पहनकर, परखकर पूर्ण संतुष्ट होने पर क्रय किया तो विक्रेता को बाद में निःशुल्क सुधार कर देने की आवश्यकता क्यों हुई।
गलत नंबर का जूता नहीं बदलकर विक्रेता ने सेवा में कमी की है। फोरम ने सपना बूट हाउस को 1 माह के अंदर 850 रुपए तथा 3 हजार मानसिक क्षतिपूर्ति, 2 हजार वाद व्यय देने का आदेश दिया है। इस प्रकार विक्रेता को 850 रुपए के जूते के लिए अब 5850 रुपए का भुगतान करना होगा।