Railway News: अब ट्रेन में नहीं ठिठुरेंगे आरएसी के यात्री
Bilaspur Railway News:यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए भी कहा गया है।
By Shiv Soni
Edited By: Manoj Kumar Tiwari
Publish Date: Thu, 21 Dec 2023 01:16:12 PM (IST)
Updated Date: Thu, 21 Dec 2023 01:16:12 PM (IST)
HighLights
- अभी ठंड का सीजन है। रेलवे बोर्ड ने दिया पूरा बेडरोल देने का आदेश
- यात्रियों को होने वाली दिक्कतों को रेलवे बोर्ड ने महसूस किया
- आरएसी (रिजर्वेशन अगेंस्ट कैंसिलेशन) के यात्री अब नहीं ठिठुरेंगे।
Bilaspur Railway News: रेलवे बोर्ड ने इन यात्रियों को बड़ी राहत दी है। अब उन्हें भी कंफर्म बर्थ के यात्रियों की तरह पूरा बेडरोल देने का आदेश दिया है। बोर्ड ने सभी जोन के महाप्रबंधकों को यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए कहा है। आरएसी यात्रियों को भी बर्थ आवंटित होती है। लेकिन, एक बर्थ में दो यात्रियों को आरक्षण रहता है। पूर्ण रूप से बर्थ कंफर्म नहीं होने के कारण इन्हें बेडरोल के नाम पर केवल चादर दी जाती थी। यदि कोई चादर या कंबल नहीं रखा है तो ऐसे यात्रियों को ठंड से हाल बेहाल हो जाता था।
रेलवे एसी में सफर करने वाले यात्रियों को बेडरोल उपलब्ध कराती है। यात्रा शुरू होते ही अटेंडर यात्रियों को तकिया, दो चादर और कंबल उपलब्ध कराता है, ताकि ठंड में यात्री न ठिठुरे और उनकी यात्रा आरामदायक रहे। यह सुविधा उन्हीं यात्रियों को मिलती थी, जिनका बर्थ कंफर्म है। एसी कोच में यदि बर्थ की स्थिति आरएसी है, तो ऐसे यात्रियों को रेलवे की इस सुविधा का लाभ नहीं मिल पाता था।
हालांकि कुछ साल पहले बोर्ड ने एक आदेश जारी कर इन्हें बेडरोल मुहैया कराने का निर्देश दिया था। लेकिन, इस निर्देश के तहत आरएसी में सफर करने वाले यात्रियों को केवल दो चादर ही दी जा रही थी। इसके कारण उन्हें या तो ठिठुरना पड़ता था या फिर घर से कंबल आदि रखने पड़ते थे। अभी ठंड का सीजन है। इस दौरान यात्रियों को होने वाली दिक्कतों को रेलवे बोर्ड ने महसूस किया और 18 दिसंबर को एक आदेश जारी कर सभी जोन के महाप्रबंधकों को निर्देश किया है कि अब आरएसी के यात्रियों को भी कंप्लीट बेडरोल दिया जाए। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए भी कहा गया है।
जोन की 50 ट्रेनों में मिलेगी सुविधा
इस आदेश के तहत दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की 50 ट्रेनों में यह सुविधा मुहैया कराई जाएगी। बिलासपुर रेलवे स्टेशन से छूटने व गुजरने वाली ट्रेनों की संख्या 130 है। इन सभी बेडरोल मिलने से आरएसी के दोनों यात्रियों का सफर सुखद होगा।
मालूम हो कि बिलासपुर रेल मंडल के कोचिंग डिपो में दो बड़ी लांड्री है। यहां से चादर, कंबल, पिलो कवर की प्रतिदिन सफाई होती है। इसके बाद ट्रेन में पहुंचता है। रेल यात्रियों की यह बेहद जरूरी सुविधा है, जिसकी मांग यात्री ट्रेन से छूटने के बाद करने लगते हैं। हालांकि अटेंडरों को मांगने की नौबत न आए, सीधे उपलब्ध कराने का निर्देश है।