बिलासपुर।Political News: धान खरीदी के मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरने के बाद अब भाजपा ने नगर निगम के नए वार्डों की उपेक्षा को लेकर शहर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। नगर निगम में शामिल शहर के आसपास के गांवों की उपेक्षा व बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर नेता व कार्यकर्ता न विकास भवन के सामने धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
बीते दिनों जिला भाजपा के पदाधिकारियों ने करबला स्थित पार्टी कार्यालय में बैठक आयोजित कर जरूरी रणनीति बनाई थी। इसमें उपस्थित नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नगर निगम के क्षेत्रों में विकास कार्य नहीं होने पर चिंता जताई थी।
उन्होंने कहा था कि जिन ग्रामीण क्षेत्रों को नगरीय निकाय में शामिल किया गया है। उन क्षेत्रों में अब तक विकास कार्य प्रारंभ नहीं किए गए हैं। इसके चलते वार्डवासी मूलभूत बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। सुविधा से वंचित आमजन जन परेशान हैं और उनकी शिकायतों पर भी कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
नगर निगम के अधिकारी व जनप्रतिनिधि भी उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रहे हैं। पहले पंचायतों के माध्यम से जो विकास कार्य चल रहे थे वह भी बंद हो गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने का काम भी बंद कर दिया गया है।
इस दिशा में कोई पहल नहीं की जा रही है। नगर निगम बिलासपुर के नए वार्डों में लोग विकास कार्य नहीं होने व नई-नई समस्याओं को लेकर परेशान हैं। इन ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों पर विभिन्न् प्रकार के टैक्स का बोझ डाल दिया गया है।
धरना प्रदर्शन को प्रभावी बनाने के लिए तब विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, सांसद अरुण साव, भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र सवन्नी, मस्तूरी विधायक डा.कृष्णमूर्ति बांधी, बेलतरा विधायक रजनीश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष रामदेव कुमावत, महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष हर्षिता पांंडेय, भाजपा जिला उपाध्यक्ष तिलक साहू, भाजपा जिला मंत्री अवधेश अग्रवाल, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष अशोक विधानी के साथ ही बिल्हा, बेलतरा, मस्तूरी व तखतपुर के भाजपा मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, पार्षद, पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं को टिप्स दिया था। इसका असर दिखाई दे रहा है। मौसम की खराबी के बाद भी बड़ी संख्या में भाजपाइयों का विकास भवन के सामने जमावड़ा लगा हुआ है।