
बिलासपुर (निप्र)। खुले मेनहोल अब शहर के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। मुख्य सड़क में ही कई जगह मेनहोल के ढक्कन गायब होने से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है।
सीवर लाइन में मुख्य पाइप लाइन पर किसी तरह का जाम होने पर उसकी सफाई के लिए जगह-जगह पर मेनहोल बनाए गए हैं। एक बार इस मेनहोल के क्षतिग्रस्त होने के बाद ठेकेदार द्वारा उसकी जगह पर दूसरा ढक्कन नहीं लगाने के कारण समस्या बढ़ गई है। कुछ दिन पहले ही राजेंद्र नगर चौक से नेहरू चौक तक वाली सड़क का निर्माण किया गया है, जिसके कारण यहां एक मेनहोल का ढक्कन पूरी तरह टूटकर गायब हो गया है, जबकि दो मेनहोल के ढक्कन भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इस तरह मुख्य मार्ग में ही गौरव पथ,महाराणा प्रताप चौक के पास, तोरवा, नेहरू नगर आदि जगहों पर भी ढक्कन गायब हैं। इसके अलावा अरपापार घरों से कनेक्शन जोड़ने वाले प्रापर्टी चेंबर का भी ढक्कन गायब है, जिससे लोगों के दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बढ़ गई है। ठेकेदार एक बार मेनहोल बनाकर क्षतिग्रस्त होने की दशा में दूसरी बार उसे ठीक करने के लिए नहीं पहुंच रहा है, जिससे समस्या और भी बढ़ गई है।
ठेकेदार को खुले प्रापर्टी चेंबर, मेनहोल को ढंकने के लिए निर्देशित किया जा चुका है। इसके लिए उसे पत्र लिखकर भी आगाह किया गया है।
सुधीर गुप्ता
सीवरेज सेल प्रभारी, अधीक्षण अभियंता
नगर निगम