
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय लोगों में हड़कंप मच गया, जब रहवासी इलाके के पास मगरमच्छ के छह नवजात शावक दिखाई दिए। घटना बिकमा तालाब की है, जहां स्नान करने पहुंचे लोगों ने तालाब के बाहरी हिस्से में बने एक गड्ढे में छोटे-छोटे मगरमच्छों को देखा।
मगरमच्छ के बच्चों को देखकर लोग घबरा गए और तत्काल इसकी सूचना रतनपुर थाना तथा वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद मनोज पाटले भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर रेस्क्यू कार्य में सहयोग किया। वन विभाग की टीम ने सावधानीपूर्वक सभी नवजात मगरमच्छों को सुरक्षित बाहर निकाला।
अधिकारियों के अनुसार मगरमच्छ के बच्चे आबादी वाले क्षेत्र के बेहद करीब पाए गए थे। ऐसे में स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल कार्रवाई जरूरी थी। साथ ही नवजात मगरमच्छों के जीवन पर भी खतरा मंडरा रहा था।
रेस्क्यू के बाद सभी छह मगरमच्छों को वन विभाग कार्यालय लाया गया, जहां उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच में सभी नवजात स्वस्थ पाए गए। इसके बाद वन विभाग की टीम ने उन्हें खूंटाघाट बांध में सुरक्षित छोड़ दिया।
अधिकारियों ने बताया कि खूंटाघाट बांध मगरमच्छों के लिए उपयुक्त प्राकृतिक आवास है। यहां पहले से मगरमच्छों की पर्याप्त संख्या मौजूद है और उनके सुरक्षित विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध है।