बिलासपुर में 6 प्रमुख शहरी और 5 ग्रामीण सड़कें होंगी चकाचक, सेंदरी और रामतला मार्ग पर डामरीकरण शुरू
उपमुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश के बाद बिलासपुर में लोक निर्माण विभाग ने सड़कों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।
Publish Date: Fri, 23 Oct 2026 04:19:56 PM (IST)Updated Date: Fri, 23 Oct 2026 04:19:56 PM (IST)
१. रमतला सड़क मरम्मत मार्ग२. महामाया चौक से नेता जी सुभागचंद्र बोस चौक में मरम्मत कार्यHighLights
- डिप्टी सीएम अरुण साव के निर्देश पर बिलासपुर में पैचवर्क शुरू।
- पहले चरण में रामतला और सेंदरी मार्ग का डामरीकरण जारी।
- शहर के 6 अतिव्यस्त व 5 ग्रामीण मार्गों का होगा कायाकल्प।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुरः बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की बदहाली दूर करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने व्यापक स्तर पर मरम्मत और डामरीकरण का काम शुरू कर दिया है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव के निर्देश के बाद विभाग ने शहर और आसपास के मुख्य मार्गों पर बने जानलेवा गड्ढों को भरने के लिए युद्धस्तर पर पैचवर्क प्रारंभ किया है।
लोक निर्माण विभाग ने पहले चरण में रामतला पहुंच मार्ग व महामाया चौक से सेंदरी मार्ग पर डामर मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है। इन मार्गों के उखड़े हुए हिस्सों की मरम्मत कर सतह को समतल बनाया जा रहा है। इसके अलावा विभाग द्वारा छह अतिव्यस्त मार्गों पर डामर मजबूतीकरण का विशेष कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों की सड़कों को भी दुरुस्त किया जाएगा। इसके तहत सोन से सोनसरी मार्ग, मल्हार-चिल्हाटी मार्ग, जोंधरा-सोन-बसंतपुर मार्ग, खम्हरिया-सोठी-नवापारा मार्ग और पत्रकार कालोनी पहुंच मार्ग पर भी निर्माण शुरू होने जा रहा है। सड़कों के समतलीकरण और सुदृढ़ीकरण से रोजाना सफर करने वाले विद्यार्थियों, व्यापारियों, किसानों और आम नागरिकों को हिचकोलों से मुक्ति मिलेगी और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित होगा।
दो दिनों में शुरू होगा इन छह प्रमुख मार्गों में कार्य
शहर के छह सबसे व्यस्त मार्गों पर जल्द डामर मजबूतीकरण का काम होगा। इसमें राजेंद्र नगर से तारबाहर, महामाया से देवकीनंदन चौक, नेहरू चौक से उसलापुर, संजय तरण पुष्कर से अग्रसेन चौक, पावरहाउस से दर्रीघाट और सीपत से बलौदा मार्ग शामिल हैं। इससे शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुगम हो जाएगी।
ग्रामीण अंचलों के रास्ते भी होंगे चकाचक
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने वाली पांच प्रमुख सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा। सोन से सोनसरी, मल्हार-चिल्हाटी, जोंधरा-सोन-बसंतपुर, खम्हरिया-सोठी-नवापारा और पत्रकार कालोनी पहुंच मार्ग पर तेजी से काम शुरू होगा। ग्रामीण अंचलों के किसानों और ग्रामीणों को बिलासपुर आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने का काम शुरू कर दिया है। रामतला और सेंदरी मार्ग पर पैचवर्क जारी है। छह प्रमुख मार्गों के मजबूतीकरण और ग्रामीण पहुंच मार्गों के निर्माण कार्य तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे। आदित्य ग्रोवर, कार्यपालन अभियंता, पीडब्ल्यूडी संभाग-1 बिलासपुर