
बिलासपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि
जच्चा-बच्चा अस्पताल में मंगलवार को तय समय से एक घंटे पहले ही सोनोग्रोफी जांच बंद कर दी गई। इससे नाराज मरीजों ने जमकर हंगामा मचाया।
जच्चा-बच्चा अस्पताल में डॉक्टर के परामर्श पर 30 से ज्यादा मरीजों सोनोग्राफी जांच कराने पहुंचे। वे निर्धारित शुल्क देकर जांच के लिए कतार में खड़े हो गए। दोपहर एक बजे कर्मचारी ने उन्हें बताया कि अब किसी और मरीज की जांच नहीं होगी। बचे हुए मरीजों को बुधवार को आने के लिए कहा गया। यह सुनकर मरीज भड़क गए। उनका कहना था कि ओपीडी का समय दो बजे तक है। इसी समय तक जांच भी होनी चाहिए। वे डॉक्टर व कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा मचाने लगे।
पर्ची काउंटर में विवाद
मरीजों की भीड़ का असर पर्ची काउंटर में भी पड़ रहा। वहां सिर्फ एक कर्मचारी को तैनात किया गया था। इससे पर्ची काटने का काम बेहद धीमी गति से हो रहा था। कतार लंबी होने पर मरीज आपस में ही भिड़ने लगे।
बिजली कटने से बढ़ी समस्या
जिला अस्पताल में मंगलवार की सुबह 11 बजे बिजली कट गई। इससे अस्पताल का काम प्रभावित हुआ। जांच बंद होने से मरीजों को दो घंटे तक बिजली आने का इंतजार करना पड़ा। दोपहर एक बजे बिजली आने के बाद स्थिति सामान्य हो पाई।
भीड़ ज्यादा होने पर कुछ परेशानी होती है। एक ही सोनोग्राफी मशीन होने से दिक्कत होती है। व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।
डॉ. एसएस भाटिया
सिविल सर्जन