
नईदुनिया प्रतिनिधि,बिलासपुर: शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम आवास) के तहत मकान स्वीकृत होने के बाद भी हितग्राहियों को तीसरी और चौथी किस्त के लिए भटकना पड़ रहा है। समय पर राशि नहीं मिलने के कारण दर्जनों मकानों का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है।
दूसरी ओर, निगम कमिश्नर को अधिकारी निर्माण कार्य की सही जानकारी नहीं दे रहे हैं। अब नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने अधूरे आवासों का निर्माण पूरा करने और नए स्वीकृत आवासों का काम शुरू कराने के लिए सख्त समयसीमा तय की है।
शहर में पीएम आवास योजना के तहत निर्माण की रफ्तार धीमी है। बीएलसी घटक के कई हितग्राहियों के आवास स्वीकृत हो चुके हैं और कुछ को पहली किस्त भी मिल गई है, लेकिन उन्होंने अब तक निर्माण शुरू नहीं किया है।
निगम कमिश्नर ने ऐसे हितग्राहियों से व्यक्तिगत संपर्क कर 30 नवंबर तक काम शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को हितग्राहियों से समन्वय कर निर्माण में आ रही दिक्कतें दूर करने को कहा है।
जिन हितग्राहियों के मकान रूफ टॉप स्तर तक पहुंच चुके हैं, उन्हें 15 दिसंबर तक निर्माण पूरा करने का समय दिया गया है। हालांकि, कई हितग्राहियों का कहना है कि तीसरी और चौथी किस्त नहीं मिलने से काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे अपने स्तर पर निर्माण पूरा नहीं करा पा रहे हैं और कई हितग्राहियों ने मकान बनाने के लिए कर्ज लिया है या संपत्ति गिरवी रखी है।
आवास निर्माण की समीक्षा बैठक में पीएम आवास शाखा के दो इंजीनियर और तीन सीएलटीसी अनुपस्थित मिले। कमिश्नर ने नाराजगी जताते हुए पांचों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इनमें एई अनिल वासू, सब इंजीनियर प्रिया सिंह और सीएलटीसी मयंक वर्मा, कुलदीप जायसवाल व रविंद्र सुनहरे शामिल हैं।