
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल के बंगले के बाहर प्रदर्शन करने और कूडा फेंकने पर पुलिस ने कांग्रेस भवन में धावा बोल दिया। जो जहां मिला उसे लाठियों से गिरा-गिरा कर मारा। महिला मोर्चा की नेताओं-कार्यकर्ताओं को भी घसीट-घसीट कर पीटा। पुलिस जिस समय कांग्रेस भवन पहुंची, वहां कांग्रेस कार्यकर्ता मंत्री आवास से लौटने के बाद सरकार की सद्बुद्धि के लिए भजन कर रहे थे।
पुलिस की नाराजगी का आलम ये रहा कि पुलिस अधिकारी कांग्रेसियों के कांग्रेस भवन पहुंचने का इंतजार कर रहे थे ताकि उन्हें घेर कर पीटा जा सके। दो बड़े वाहनों में सवार पुलिस के जवान व एडिशनल एसपी सिटी नीरज चंद्राकर कांग्रेस भवन में पहुंचते ही कांग्रेसियों की घेराबंदी करने लगे। इस बीच पीसीसी महामंत्री अटल श्रीवास्तव को एडिशनल एसपी चंद्राकर ने लाठी से पीटना शुरू किया। इसके बाद पुलिस के जवान अन्य नेताओं- कार्यकर्ताओं पर टूट पड़े।
चकमा देने व छीना-झपटी से नाराज हुई पुलिस
कांग्रेसियों के मंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन की खबर पुलिस को लग गई थी। पुलिस अधिकारियों ने कांग्रेसियों को रोकने के लिए शहर में कई जगह नाकेबंदी भी की लेकिन कांग्रेसी पुलिस को चकमा देकर मंत्री आवास पहुंच गए। इस दौरान कूडा फेंकने पर पुलिस जवानों के साथ कांग्रेसियों की नोकझोंक व छीना-झपटी भी हुई।
.jpeg)
यह था मंत्री का विवादित बयान
दो दिन पहले एक कार्यक्रम के दौरान मंत्री अमर अग्रवाल ने कांग्रेसियों को कचरा कहा था। इसकी प्रतिक्रिया स्वरूप मंगलवार दिन में ढाई बजे कांगे्रसी नारेबाजी करते मंत्री बंगला की ओर कूच किए। राजेंद्र नगर चौक व कलेक्टर बंगला के पहले मंदिर चौक के पास पुलिस ने बेरीकेट्स लगा दिए थे। साथ ही पर्याप्त मात्रा में बल की तैनाती कर दी थी।
जिला कांग्रेेस कमेटी के अध्यक्ष विजय केशरवानी, शहर अध्यक्ष नरेंद्र बोलर व पीसीसी के प्रवक्ता शैलेष पांडेय की अगुवाई में कांग्रेस का एक बड़ा जत्था राजेंद्र नगर चौक के पास बेरीकेट्स को तोड़ने और पुलिस का घेरा खत्म करने की मशक्कत कर रहे थे। एक गु्रप मंदिर चौक के पास बेरीकेट्स तोड़ने जूझ रहा था। दो अलग-अलग समूहों में कांग्रेसी आंदोलन को तेज कर रहे थे कि इसी बीच पीसीसी महामंत्री अटल श्रीवास्तव व निगम में नेता प्रतिपक्ष शेख नजरुद्दीन की अगुवाई में 20 से 25 लोगों का एक समूह पुलिस घेरा को चकमा देते शीतला माता मंदिर डॉ. होतचंदानी गली से होते हुए मंत्री बंगला के सामने पहुंच गया।
इनका कहना है
मैं शहर से बाहर वीआइपी ड्यूटी में था। लिहाजा मुझे घटना की जानकारी नहीं है। मैंने लाठीचार्ज का आदेश भी नहीं दिया है। हो सकता है सिटी मजिस्ट्रेट को इसकी जानकारी हो - देवेंद्र पटेल, एसडीएम,बिलासपुर
मंत्री बंगला घेरने कांग्रेसी गए थे इसकी जानकारी है। झूमाझटकी की जानकारी मुझे मिली है। पुलिस ने लाठीचार्ज किया है इसकी जानकारी मुझे नहीं है। और न ही मैंने लाठी चार्ज का आदेश ही दिया है - एचएल टंंडन, सिटी मजिस्ट्रेट
पुलिस कर्मियों से दुर्व्यवहार व धक्कामुक्की की गई है। मंत्री के बंगले में कचरा फेंकने के आरोप में गिरफ्तारी के दौरान विरोध करने लगे थे कांग्रेसी। इसलिए लाठी चार्ज का आदेश दिया गया - नीरज चंद्राकर, एडिशनल एसपी