
बिलासपुर नईदुनिया प्रतिनिधि: दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही बिलासपुर जिले में जुआरियों की महफिलें सजने लगी हैं। इसी कड़ी में बिलासपुर से लगे कोनी थाना क्षेत्र के लच्छनपुर जंगल में मोमबत्ती की रोशनी में चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने देर रात बड़ी छापेमारी की। पुलिस की अचानक दबिश से मौके पर हड़कंप मच गया और कई जुआरी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग निकले।
हालांकि, पुलिस टीम ने चारों तरफ से घेराबंदी कर मौके से 9 जुआरियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 13,900 रुपये नकद और 9 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
सेंदरी व लच्छनपुर क्षेत्र में गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना: कोनी थाना प्रभारी (TI) जितेन्द्र गुप्ता ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम सेंदरी, गतौरी, लोफंदी, अमतरा और लच्छनपुर क्षेत्र में गश्त पर निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि लच्छनपुर के घने जंगल में कुछ लोग प्लास्टिक की पन्नी बिछाकर मोमबत्ती की रोशनी में ताश के पत्तों पर हार-जीत का दांव लगा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने लच्छनपुर जंगल में दबिश देकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही कई लोग भाग खड़े हुए, लेकिन 9 जुआरी पकड़े गए। पकड़े गए जुआरियों की पहचान और वैधानिक कार्रवाई
पुलिस द्वारा पकड़े गए जुआरियों की पहचान इस प्रकार हुई है-
सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2026 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीकृत किया गया है।
दीपावली आते ही शहर के होटलों, कॉलोनियों से लेकर ग्रामीण अंचलों के खार और जंगलों तक में जुआरी सक्रिय हो गए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने बिलासपुर जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस बल को लगातार पेट्रोलिंग कर जुआरियों के खिलाफ सख्त धरपकड़ अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।