बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय, शुद्ध और अनुप्रयुक्त भौतिकी विभाग के अधिष्ठाता प्रो. प्रमेंद्र कुमार बाजपेयी को जयप्रकाश विश्वविद्यालय,बिहार (छपरा) का नया कुलपति नियुक्त किया गया है। उच्च शिक्षा जगत में इस खबर के बाद हर्ष का माहौल है। भौतिकी विज्ञान के क्षेत्र में प्रो.बाजपेयी को कई बड़ी उपलब्धि हासिल है। महामशीन थ्री एमवी एक्सीलरेटर में शोध कार्य भी संपन्न करा चुके हैं।
प्रो.बाजपेयी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के झांकी के रहने वाले हैं। उनकी उम्र 61 साल है। हिंदी और अंग्रेजी के अलावा वे फ्रेंच भाषा भी बड़ी आसानी से बोलते हैं। वर्तमान में ड्रीम सिटी बिलासपुर में निवासरत हैं। स्कूली व उच्च शिक्षा झांसी में ग्रहण किया है। पीएचडी की उपाधि शिलांग से हासिल किया है। साल 2010 में गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में अधिष्ठाता नियुक्त हुए। प्रो.बाजपेयी के नाम ढ़ेरों रिकार्ड और उपलब्धि है। यूजीसी सहित नैक टीम का हिस्सा भी रह चुके हैं। 285 शोध प्रकाशन हो चुका है। 153 जर्नल राष्ट्रीय और अंतर राष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित है। 148 किताबे प्रकाशित हैं। 15 से अधिक पीएचडी सुपरवाइजर रह चुके हैं। कई अंतरराष्ट्रीय सम्मान भी उन्हें मिल चुका है। बता दें कि प्रो.बाजपेयी के साथ शोधार्थियों का विशेष लगाव है। वे बच्चों की पढ़ाई को लेकर हमेशा सक्रीय रहते हैं। केंद्रीय विश्वविद्यालय से इसके पूर्व मैनेजमेंट विभाग के प्रमुख प्रो.एलपी पटेरिया को छत्तीसगढ़ के शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय का कुलपति बनने का मौका मिला था।
राजभवन सचिवालय से आया आदेश
मंगलवार को जयप्रकाश विश्वविद्यालय के नए कुलपति के नाम की घोषणा हुई। गवर्नर सचिवालय ने अधिसूचना जारी करते हुए जानकारी दी। बता दें कि जय प्रकाश विश्वविद्यालय (विश्वविद्यालय) की स्थापना साल 1990 में हुआ था। इसमें तीन जिले, छपरा, सिवान और गोपालगंज शामिल हैं। 11 संबंद्ध कालेज हैं। दो अनुदान प्राप्त कालेज हैं।