बिलासपुर। Railway News: रेलवे धीरे- धीरे ट्रेनों को पटरी पर ला रही है। इसी के तहत 09493/09494 गांधीधाम - पुरी साप्ताहिक सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन को चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन 16 अप्रैल से प्रत्येक शुक्रवार को गांधीधाम से और 19 अप्रैल से प्रत्येक सोमवार को पुरी से छूटेगी। परिचालन आगामी आदेश तक जारी रहेगा।
यह ट्रेन भी महत्वपूर्ण है और यात्री परिचालन शुरू होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। यात्रियों की मांग व सुविधा को ध्यान में रखते हुए ही रेलवे ने इसे चला रही है। इस स्पेशल ट्रेन में दो एसएलआर, चार जनरल , 10 स्लीपर, पांच एसी-3, एक एसी-2 की सुविधा रहेगी। इसके साथ ही एक पेंट्रीकार भी लगाया जाएगा। जिससे की यात्रियों को खानपान सामग्री उपलब्ध हो सके।
लंबी दूरी की ट्रेन होने के कारण इसकी आवश्यकता है। रेलवे ने यह स्पष्ट किया है कि सफर के दौरान यात्रियों को कोविड-19 के नियमों का पालन करना अनिवार्य है। जिन यात्रियों की बर्थ कंफर्म रहेगी उन्हीं को ही यात्रा करने की अनुमति होगी। ट्रेन गांधीधाम से 23:05 बजे छूटकर 04:00 बजे अहमदाबाद, 05:58 बजे बडोदरा, 07:51 बजे सूरत, 13:55 बजे भुसावल, 20:10 बजे नागपुर, 22:05 बजे गोंदिया, रात 12.05 बजे दुर्ग, 12:55 बजे रायपुर पहंुचकर 01:55 बजे रवाना होगी और खरियार रोड, काटाभांजी, टिटलागढ़, बलांगीर, बरगढ़ रोड, संबलपुर होते हुए 14:25 बजे पुरी रेलवे स्टेशन पहंुचेगी।
वापसी में यह ट्रेन पुरी से 20:00 बजे छूटेगा और 21:05 बजे भुवनेश्वर, 01:45 बजे संबलपुर और 11.25 बजे गांधीधाम पहुंचेगी। हालांकि इस ट्रेन की सुविधा बिलासपुर रेलवे स्टेशन से नहीं मिलेगी। पर यहां के यात्रियों के लिए ओडिशा व गुजरात जाने के लिए एक विकल्प रहेगा। वह रायपुर जाकर ट्रेन से यात्रा कर सकते हैं।