
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन का रायपुर स्थित डीजल लोको शेड अपने सफर के एक नए अध्याय में प्रवेश कर रहा है। जुलाई 2026 में रेल मंत्रालय ने शेड में 250 अतिरिक्त थ्री-फेज इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव की होमिंग सुविधा के लिए 175 करोड़ की परियोजना को मंजूरी दी।
मई 1995 में केवल 10 इंजनों के साथ शुरू हुआ यह शेड आज 284 से अधिक डीजल इंजनों का रखरखाव करता है। इतना ही नहीं छत्तीसगढ़ के कोयला, इस्पात और सीमेंट की ढुलाई की रीढ़ बना हुआ है।
रायपुर डीजल शेड की नींव फरवरी 1993 में तत्कालीन दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत रखी गई थी। मई 1995 में 10 ब्राड गेज इंजनों के साथ शेड ने काम शुरू किया। इसका उद्देश्य रायपुर-भिलाई औद्योगिक क्षेत्र की भारी माल ढुलाई के लिए भरोसेमंद डीजल इंजन उपलब्ध कराना था। 2003 में रेलवे जोनों के पुनर्गठन के बाद शेड नए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (मुख्यालय बिलासपुर) का हिस्सा बना।
मार्च 2008 में इसकी धारण क्षमता 100 इंजन की गई। 2014 तक शेड अपनी क्षमता से कहीं अधिक, लगभग 149 इंजनों का रखरखाव कर रहा था। मई 2018 में शेड ने 200 इंजनों का आंकड़ा छुआ। अक्टूबर 2020 में यहां पहले इलेक्ट्रिक इंजन का आइए शेड्यूल पूरा हुआ और 2021 तक बेड़ा 240 इंजनों को पार कर गया।
इस परियोजना से शेड में 250 अतिरिक्त थ्री-फेज इलेक्ट्रिक इंजनों की होमिंग सुविधा बनेगी। होमिंग शेड वह आधार डिपो है जहां इंजन का नियमित रखरखाव, सुरक्षा निरीक्षण और मरम्मत होती है। परियोजना मौजूदा यार्ड अवसंरचना का बेहतर उपयोग करेगी, इंजनों की उपलब्धता बढ़ाएगी और रखरखाव में लगने वाला समय घटाएगी।
रायपुर में इंजनों के रखरखाव की परंपरा डीजल लोको शेड से लगभग एक सदी पुरानी है। 1896 में रायपुर और छत्तीसगढ़ भीषण अकाल की चपेट में थे। छत्तीसगढ़ के कमिश्नर के अनुरोध पर बंगाल नागपुर रेलवे ने अक्टूबर 1896 में रायपुर-धमतरी लाइन का काम अकाल राहत कार्य के रूप में शुरू किया, ताकि मजदूरी सीधे गांव के लोगों तक पहुंचे।
10 सितंबर 1900 को रायपुर-कुरूद और 17 दिसंबर 1900 को कुरूद-धमतरी तक 2 फुट 6 इंच की छोटी लाइन शुरू हुई। 1909 में अभनपुर से राजिम तक शाखा जुड़ी। इस लाइन के पहले चार इंजन लीड्स (इंग्लैंड) की मैनिंग वार्डले कंपनी के बने 2-6-2 टेंडर इंजन थे। 30 अप्रैल 2017 को, 117 वर्ष बाद, रायपुर के तेलीबांधा से छोटी लाइन की ट्रेन ने अपनी अंतिम यात्रा की और लाइन को बड़ी लाइन में बदलने का काम शुरू हुआ।
यह एक सुखद संयोग है। जिस रायपुर-कुरूद मार्ग पर 1900 में भाप इंजन से पहली छोटी लाइन ट्रेन चली थी, उसी पर अब बड़ी लाइन की ट्रेन दौड़ रही है और उसी दिन रायपुर शेड ने इलेक्ट्रिक भविष्य की नींव रखी। भाप से डीजल और डीजल से इलेक्ट्रिक तक, रायपुर ने रेल इंजन की हर पीढ़ी देखी है। शेड का काम जोन के माल ढुलाई प्रदर्शन से सीधे जुड़ा है।