
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। सेंट्रल जेल से 14 दिनों की पैरोल पर रिहा किया गया एक सजायाफ्ता बंदी तय समय पर वापस जेल नहीं लौटा। इस मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने फरारी का प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।केंद्रीय जेल के प्रहरी श्रीधर कुमार ध्रुव ने सिविल लाइन पुलिस को बताया कि दंडित बंदी निरंजन सत्यम (28 वर्ष), पिता पालन सोनवानी, निवासी जल्लीखुर्द, थाना फास्टरपुर, जिला मुंगेली वर्तमान में सेंट्रल जेल में सजा काट रहा था।
निरंजन को विशेष न्यायाधीश ( पाक्सो अधिनियम) मुंगेली द्वारा धारा 450, 201, 506 भाग-1 भादंसं एवं पाक्सो अधिनियम की धारा 4(2) के तहत दोषी ठहराया गया था। न्यायालय ने उसे विभिन्न धाराओं में 20 साल सश्रम कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई थी। महानिदेशक जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के आदेश पर बंदी को 29 मई 2026 को 14 दिनों के पैरोल पर छोड़ा गया था।
उसे निर्देश दिए गए थे कि 13 जून की शाम पांच बजे तक वापस केंद्रीय जेल में उपस्थित होना होगा। समय बीतने के बाद भी बंदी जेल नहीं पहुंचा। इसके बाद जेल प्रशासन ने इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए पुलिस को सूचना दी। प्रारंभिक जांच में बंदी द्वारा गिरफ्तारी से बचने और वैधानिक प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने का मामला सामने आने पर पुलिस ने धारा 262 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। अब सिविल लाइन पुलिस फरार बंदी की तलाश कर रही है।