
नईदुनिया प्रतिनिधि,बिलासपुर: सरकंडा स्थित हर्ष किंगडम आवासीय परिसर के रहवासियों और रेसिडेंशियल को-आपरेटिव सोसायटी की लंबी लड़ाई को बड़ी जीत मिली है। छत्तीसगढ़ भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण रायपुर ने प्रकरण क्रमांक एम-पीआरओ-2026-03735 में 12 नवंबर को महत्वपूर्ण आदेश पारित किया है। इसके तहत निर्माणकर्ता बिल्डरों को 60 दिनों के भीतर परिसर का विधिवत हस्तांतरण सोसायटी के पक्ष में करने का निर्देश दिया गया है।
डीएलएस कालेज रोड, अशोक नगर स्थित हर्ष किंगडम परिसर के निर्माणकर्ता एसके बिल्डर्स एंड डेवलपर्स एवं एसके बिल्डर्स एंड कालोनाइजर्स द्वारा रखरखाव और प्रबंधन का हस्तांतरण टाला जा रहा था। सोसायटी के अध्यक्ष और पदाधिकारियों ने पत्राचार व बैठकों के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज व साझा सुविधाओं का स्वामित्व सौंपने की कई बार मांग की, लेकिन समाधान नहीं हुआ।
इसके बाद निवासियों के हितों की रक्षा के लिए सोसायटी ने रेरा प्राधिकरण का दरवाजा खटखटाया। मामले की सुनवाई और अभिलेखों के परीक्षण के पश्चात रेरा ने बिल्डरों की जवाबदेही तय की है।आदेश के मुताबिक बिल्डरों को निर्धारित समय-सीमा में सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ कन्वेयंस डीड का निष्पादन करना होगा तथा परिसर के साझा क्षेत्रों (कामन एरिया) का स्वामित्व सोसायटी को सौंपना होगा। यह फैसला शहर की अन्य आवासीय कालोनियों के रहवासियों के लिए भी नजीर बना है।
सोसायटी के पक्ष में 60 दिनों के भीतर परियोजना का विधिवत हस्तांतरण करना।
रखरखाव खाते और सुरक्षा जमा निधि को हस्तांतरण तिथि तक के ब्याज सहित लौटाना।
परिसर का स्वामित्व सौंपने से पूर्व सक्षम प्राधिकारी से अग्निशमन सुरक्षा प्रमाणपत्र प्राप्त करना।
सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ सोसायटी के हक में कन्वेयंस डीड का निष्पादन करना।
यह आदेश हर्ष किंगडम सोसायटी के रहवासियों के संगठित संघर्ष और विधिक जागरूकता का परिणाम है। लंबे समय से कालोनी के प्रबंधन, वित्तीय अभिलेखों और मूलभूत सुविधाओं के हस्तांतरण को लेकर रहवासी परेशान थे। सोसायटी की दृढ़ पहल से अब कालोनी का संचालन और वित्तीय पारदर्शिता पूरी तरह रहवासियों की निर्वाचित समिति के हाथों में आ जाएगी।