
बिलासपुर। नईदुनिया प्रतिनिधि। शहर की सड़कें पूरी तरह जर्जर हो चुकी हैं। सरकंडा, तिफरा, तोरवा, मंगला, उसलापुर, व्यापार विहार और पुराना बस स्टैंड समेत हर इलाके में उखड़ा डामर, गहरे गड्ढे और धूल की समस्या है। इससे स्कूली बच्चे, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक रोजाना दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं, वहीं मरीजों को अस्पताल पहुंचने में देरी हो रही है।
नागरिक सुरक्षा मंच ने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर इसे निर्माण कार्य में लापरवाही और भ्रष्टाचार का नतीजा बताया है। मंच के संयोजक अमित तिवारी ने प्रशासन के सामने चार प्रमुख मांगें रखी हैं। इसमे खराब सड़कों का वार्डवार सर्वे कर 3 दिन में सूची सार्वजनिक हो।
पिछले 3 वर्षों के खर्च, ठेकेदारों के नाम और गुणवत्ता रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। मुख्य मार्गों के गड्ढे तत्काल भरकर स्थायी डामरीकरण शुरू किया जाए।
घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदारों और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो। मंच ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि एक सप्ताह में मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ, तो प्रशासन और नगर निगम के खिलाफ शांतिपूर्ण जनआंदोलन और ''''सड़क सत्याग्रह'''' शुरू किया जाएगा।