
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। यूएस मार्केट में ट्रेडिंग कर अधिक मुनाफा कमाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एसईसीएल के सेवानिवृत्त डिप्टी जनरल मैनेजर से 66 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। पीड़ित की पहचान इंस्टाग्राम के जरिए एक युवती से हुई थी। उसने खुद को गुरुग्राम की एक कंपनी में वित्त प्रबंधक बताते हुए ट्रेडिंग में मदद करने का भरोसा दिलाया।
ऑनलाइन प्लेटफार्म पर निवेश के नाम पर पीड़ित ने छह किश्तों में रकम ट्रांसफर कर दी। मुनाफे की राशि निकालने के लिए अग्रिम टैक्स जमा करने को कहा गया, तब उन्हें धोखाधड़ी का संदेह हुआ। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के बाद 30 अक्टूबर को रेंज साइबर थाने में लिखित आवेदन दिया है।
शिकायत के अनुसार, अशोक नगर बिरकोना रोड निवासी 63 वर्षीय कुलदीप सिंह ठाकुर नवंबर 2022 में एसईसीएल से विद्युत यांत्रिकी विभाग में डिप्टी जीएम के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।
दो जून 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से उनकी तनिशा ठाकुर नाम की युवती से पहचान हुई। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल और वॉट्सएप पर बातचीत होने लगी। युवती ने खुद को आगरा का निवासी और गुरुग्राम की डेलाइट कंपनी में वित्त प्रबंधक बताया।
बातचीत के दौरान कुलदीप ने शेयर और म्यूचुअल फंड में पहले हुए नुकसान की जानकारी दी। इस पर युवती ने उन्हें यूएस मार्केट में ट्रेडिंग करने की सलाह दी और अधिक मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया। उसने ट्रेडिंग के लिए एक ऑनलाइन प्लेटफार्म डाउनलोड कराया और उसके माध्यम से निवेश कराने लगी।
छह किश्तों में खाते से भेजे 66 लाख रुपये
कुलदीप के मुताबिक, युवती के बताए खातों में उन्होंने अपने एक्सिस बैंक खाते से आरटीजीएस के जरिए छह बार रकम भेजी। 27 जुलाई को 17 लाख, 27 अगस्त को 10 लाख, 3 सितंबर को 10 लाख, 8 सितंबर को चार लाख, 18 सितंबर को 10 लाख और 21 सितंबर को 15 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इस तरह कुल 66 लाख रुपये निवेश के नाम पर भेजे गए।
यह भी पढ़ें- नारायणपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के छह ठगों को दबोचा
लाभांश की रकम निकालने की बात कही तो उनसे टैक्स के नाम पर अग्रिम राशि जमा करने को कहा गया। इस मांग के बाद उन्हें अपने साथ धोखाधड़ी होने का संदेह हुआ। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, जिसका पावती क्रमांक भी आवेदन में दिया गया है। कुलदीप सिंह ने इंस्टाग्राम आइडी, संबंधित मोबाइल नंबरों और ट्रेडिंग प्लेटफार्म के माध्यम से धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाते हुए रेंज साइबर थाने से प्राथमिकी दर्ज कराई है।
यह भी पढ़ें- इंदौर के कॉल सेंटर से चल रहा था देशभर में ठगी का नेटवर्क, रायगढ़ पुलिस ने 3 युवतियों समेत 5 को दबोचा