चंद मुनाफे के लिए सेहत से खिलवाड़! प्रशासन का 'शुद्ध के लिए युद्ध' सावधान! सीधे दर्ज होगी एफआईआर
बिलासपुर के सबसे बड़े व्यापारिक केंद्र व्यापार विहार में नकली और मिलावटी सामान खपाने वाले रैकेट पर प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। बालाजी मूवर्स और मारुति गैरेज से करीब 3.5 लाख रुपये के नकली 'एवरेस्ट' मसाले पकड़े जाने के बाद, विभाग ने 8 अन्य दुकानों पर औचक दबिश दी। हालांकि, इस जांच में स्टॉक सही मिला। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने सख्त चेतावनी दी है -
Publish Date: Sat, 16 May 2026 09:13:37 AM (IST)Updated Date: Sat, 16 May 2026 09:13:37 AM (IST)
व्यापार विहार में जांच करती खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम।HighLights
- मामले में गैर-जमानती अपराध के तहत एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
- दो फर्मो में मिली नकली मसाले के बाद फिर से आठ दुकानों में जांच
- व्यापार विहार में नकली व मिलावटी सामानों का चल रहा बड़ा खेल
नईदुनिया प्रतिनिधि,बिलासपुर: शहर के सबसे बड़े व्यावसायिक हब व्यापार विहार में इन दिनों नकली और मिलावटी सामानों की बिक्री का बड़ा खेल चोरी-छिपे चल रहा है। पिछले दिनों दो बड़ी फर्मों से भारी मात्रा में नामी कंपनी का नकली मसाला पकड़े जाने के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल नियमानुसार सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। यह पूरा मामला तब गरमाया जब बाजार में नामी एवरेस्ट कंपनी का नकली मसाला और नकली चायपत्ती बेचे जाने की शिकायतें मिलीं। विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही इनके सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए थे। इसके बाद से ही इस बात की आशंका गहरी हो गई है कि व्यापार विहार के कुछ कारोबारी चंद पैसों के मुनाफे के लिए उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ कर रहे हैं और चोरी-छिपे मिलावटी व नकली माल खपा रहे हैं।
कलेक्टर के सख्त निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने कंपनियों के अधिकृत प्रतिनिधियों के साथ मिलकर व्यापार विहार की 8 फर्मों का निरीक्षण किया। यहां पर एवरेस्ट मसाला के साथ चायपत्ती के कंपनी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान कंपनी प्रतिनिधियों ने 8 दुकानों में उपलब्ध मसाले और चायपत्ती के स्टाक को असली और सही पाया। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शहर के बाजारों पर लगातार पैनी नजर रखी जा रही है और नकली सामान बेचने वालों के खिलाफ आगे भी औचक निरीक्षण व धरपकड़ की कार्रवाई जारी रहेगी।
इस तरह हुई अब तक की बड़ी कार्रवाई
- 50 हजार का मीट मसाला जब्त: श्री मारुति गुड्स गैरेज से करीब 50 हजार रुपये कीमत का नकली 'एवरेस्ट मीट मसाला' जब्त किया गया है। इसके नमूने लेबोरेटरी भेजे गए हैं।
- 3 लाख का मसाला पकड़ाया: बालाजी मूवर्स एंड पैकर्स पर दबिश देकर टीम ने एवरेस्ट कंपनी के अलग-अलग प्रकार के नकली मसालों का जखीरा बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है।
- कास्मेटिक भी संदेह के घेरे में: एक नामी कास्मेटिक एजेंसी से मिलावटी और नकली होने की आशंका पर विभिन्न ब्रांड्स के क्रीम, पाउडर और हेयर आयल (बालों का तेल) के सैंपल लिए गए हैं, जिनकी जांच रिपोर्ट आने का इंतजार है।
सीधे दर्ज होगी एफआइआर
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों आरआर देवांगन के मुताबिक ब्रांडेड कंपनियों के रैपर और डिब्बों का इस्तेमाल कर नकली सामान बेचना एक गंभीर अपराध है। व्यापार विहार के सभी व्यापारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि वे केवल अधिकृत डीलरों से ही सामान खरीदें। यदि दोबारा किसी फर्म में नकली या मिलावटी खाद्य पदार्थ पाए जाते हैं, तो संबंधित व्यापारी के खिलाफ सीधे एफआइआर दर्ज कराई जाएगी।