
नईदुनिया न्यूज, बलरामपुर: कलेक्टर के निर्देश पर जिले की राइस मिलों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन में सामने आया कि राजपुर स्थित सर्वमंगला राइस मिल ने कस्टम मिलिंग का चावल जमा नहीं किया था। सूचना के बाद भी मिल बंद रखी गई थी। इस पर खाद्य अधिकारी, खाद्य निरीक्षक और मंडी निरीक्षक की संयुक्त टीम ने मिल को सील कर दिया।
जिला प्रशासन ने सभी राइस मिलों को शेष चावल 10 दिन के भीतर नागरिक आपूर्ति निगम में जमा करने के निर्देश दिए हैं। जिन मिलों में धान का स्टॉक कम पाया जाएगा या जो तय समय में चावल जमा नहीं करेंगी, उन पर कड़ी कार्रवाई होगी। ऐसी मिलों को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा और उनकी बैंक गारंटी राजसात की जाएगी।
नईदुनिया न्यूज, बलरामपुर: सीमावर्ती राज्यों से धान के अवैध परिवहन पर रोक के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में उड़नदस्ता प्रभारी नायब तहसीलदार आईसी. यादव एवं मंडी सचिव वीरेंद्र ठाकुर की संयुक्त टीम ने बिना वैध दस्तावेज़ के धान ले जा रहे दो ट्रैक्टर पकड़े। पहली कार्रवाई में टीम ने तेजस्वर यादव के महिंद्रा ट्रैक्टर को रोका।
इस ट्रैक्टर से उत्तर प्रदेश से 53 बोरी धान बिना दस्तावेज़ के कामेश्वरनगर ले जाया जा रहा था। दूसरी कार्रवाई में ग्राम रौंदा के नदी किनारे चूनापत्थर निवासी कृष्ण कुमार गुप्ता का धान से लदा ट्रैक्टर जब्त किया गया। दोनों ट्रैक्टरों सहित कुल 116 बोरी धान जब्त कर डिंडो चौकी के सुपुर्द किया गया है।
यह भी पढ़ें- CG Weather: छत्तीसगढ़ में बिलासपुर सहित सात जिलों में बारिश का अलर्ट, अगले 24 घंटे पड़ेंगे भारी