बिलासपुर में काल बनी रफ्तार: कार की भीषण टक्कर से 10 फीट हवा में उछला स्कूटी सवार, मौके पर ही मौत
बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हिर्री माइंस के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार 52 वर्षीय ग्रामीण देवेंद्र शर्मा की मौत हो गई।
Publish Date: Wed, 15 Jul 2026 08:14:04 AM (IST)Updated Date: Wed, 15 Jul 2026 08:14:04 AM (IST)
सीसीटीवी कैमरे में कैद हादसाHighLights
- राइस मिलर के बेटे ने कार से मचाया कोहराम
- बिलासपुर हाईवे पर देवेंद्र शर्मा की मौत
- चकरभाठा पुलिस ने जब्त की कार, सीसीटीवी में कैद हुआ लाइव एक्सीडेंट
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से स्कूटी सवार 52 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। हादसा हिर्री माइंस के पास हुआ, जहां स्कूटी मोड़ने के दौरान सामने से आ रही कार ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल ग्रामीण को आसपास के लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है, जिसके आधार पर चकरभाठा पुलिस आरोपित ड्राइवर की तलाश में जुटी है।
बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे थे देवेंद्र, टर्न लेते ही कार ने उड़ाया
चकरभाठा थाना प्रभारी भावेश शेंडे ने बताया कि रहंगी निवासी देवेंद्र शर्मा (52) सोमवार को खरीदारी के लिए निकले थे। बाजार में खरीदी के बाद वे घर लौट रहे थे। हिर्री माइंस के पास उन्होंने सड़क पार करने या दूसरी दिशा में जाने के लिए स्कूटी मोड़ने का प्रयास किया। उसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
फुटेज में दिखाई दे रहा है कि स्कूटी सवार अचानक सड़क पर मुड़ते हैं। इसी दौरान सामने से आ रहे कार चालक ने वाहन को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण वह समय रहते कार पर नियंत्रण नहीं रख सका। कार सीधे स्कूटी से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़ी एक अन्य स्कूटी से भी टकरा गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल देवेंद्र शर्मा को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद कार चालक बिना रुके वाहन लेकर फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि वाहन की पहचान होते ही आरोपित चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। हादसे के बाद दुकान में घुसी कार बताया जाता है कि स्कूटी सवार को टक्कर मारने के बाद कार अनियंत्रित हो गई।
टक्कर इतनी भीषण कि दूसरी स्कूटी भी हुई चकनाचूर, रसूखदार का बेटा संदेही
अनियंत्रित कार एक दुकान में जा घुसी। आसपास के लोगों का आरोप है कि कार क्षेत्र के एक राइस मिल के संचालक की है। कार व्यवसायी का बेटा चला रहा था। हादसे के बाद वह कार छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने एक कार को जब्त किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर में बाल संप्रेक्षण गृह से 13 अपचारी बालक फिर फरार, पुराना दरवाजा तोड़कर भाग निकले