बिलासपुर की जरहाभाठा मिनी बस्ती में सर्वे टीम के साथ हाथापाई, जमकर मचा हंगामा
मिनी बस्ती हटाने व रहवासियों को नए स्थान पर विस्थापित करने निगम का करा रहा था सर्वे।
By sandeep.yadav
Edited By: sandeep.yadav
Publish Date: Tue, 01 Feb 2022 01:48:00 PM (IST)
Updated Date: Tue, 01 Feb 2022 01:48:40 PM (IST)

बिलासपुर। जरहाभाठा मिनी बस्ती हटाने की योजना नगर निगम ने बनाई है। इसके तहत यहां के रहवासियों को दूसरी जगह बसाहट देनाी है। इसी को लेकर मंगलवार की सुबह नगर निगम की सर्वे टीम मिनी बस्ती पहुंची और सर्वे का काम शुरू किया। लेकिन, जैसे ही रहवासियों को पता चला कि उन्हें हटाने के लिए सर्वे किया जा रहा है, वैसे ही रहवासी भड़क उठे और विवाद करने के साथ ही सर्वे टीम के साथ हाथापाई करने लगे। इससे माहौल गरमा गया। जहां पुलिस को कमान संभलनी पड़ी। इसके चलते क्षेत्र में कई घंटे तक तनाव की स्तिथि बनी रही।
नगर निगम शहर में बसी मिनी बस्तियों को धीरे धीरे हटाने का काम कर रहा है। साथ ही इन जगहों पर रहने वालों को बनाए गए अटल आवास में स्थापित किया जा रहा है। लेकिन, लोग अपनी जगह छोड़ने को तैयार नहीं हो रहे हैं। ऐसे में निगम की टीम को विरोध का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार की सुबह इसी कड़ी में नगर निगम की एक सर्वे टीम जरहाभाठा मिनी बस्ती पहुंचाी और घर—घर संपर्क कर सदस्यों से सम्बंधित जानकारी लेने लगी।
लेकिन, जैसे ही यह बात सभी रहवासियों को पता चली तो वे एकजुट होकर इसका विरोध करने लगे और सर्वे टीम से विवाद करने लगे। जब सर्वे टीम ने इसका विरोध किया तो लोग और भी भड़क गए और साफ किया कि कुछ भी हो इस जगह को नही छोड़ेंगे। इसके बाद लोग हाथापाई पर उतर आए। मामला बिगड़ता देख टीम ने इसकी जानकारी निगम अधिकारियों के साथ पुलिस को दी। इसके बाद तत्काल पुलिस व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद माहौल को संभाला। इसकी वजह से क्षेत्र में कई घंटे तक विवाद की स्थिति बनी रही।