
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: शहरवासियों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। ‘सुरक्षित आहार हमर अधिकार’ विशेष अभियान के तहत विभाग की टीम ने बीते दो दिनों के भीतर शहर के सात प्रमुख खाद्य प्रतिष्ठानों पर दबिश दी। इस दौरान गुणवत्ता पर संदेह होने पर वेज बिरयानी, बर्गर, फ्रेंच फ्राइज और मसाला खारी के कुल पांच विधिक नमूने जब्त किए गए। वहीं, स्वच्छता और जरूरी दस्तावेजों में कमी पाए जाने पर दो फर्मों के खिलाफ सुधार सूचना (इंप्रूवमेंट नोटिस) जारी करने की अनुशंसा की गई है।
उपसंचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन डा़ शुभा गढ़ेवाल के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने 25 और 26 नवंबर को यह कार्रवाई की। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह सघन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
ऐसे हुई कार्रवाई
अभियान के पहले दिन 25 नवंबर को टीम ने जिले की चार फर्मों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान आरआर रेस्टोरेंट में खाद्य सामग्री की जांच के बाद वेज बिरयानी का विधिक नमूना संकलित किया गया। दूसरे दिन 26 नवंबर को टीम ने तीन प्रतिष्ठानों में दबिश देकर चार नमूने लिए। इनमें 'द मैड बेकर्स' से पैक्ड मसाला खारी व बर्गर बन और 'द बर्गर किंग्स' से फ्रेंच फ्राइज व वेज बर्गर के नमूने शामिल हैं। संकलित किए गए सभी सैंपल जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं।
लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में बुनियादी मानकों का अभाव देखा गया। जिन संस्थानों में पेस्ट कंट्रोल सर्टिफिकेट, कर्मचारियों का मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र और वाटर टेस्ट रिपोर्ट उपलब्ध नहीं मिले, उनके संचालकों को तत्काल दस्तावेज पूर्ण करने की सख्त हिदायत दी गई।
स्वच्छता व मानकों में गंभीर कमी पाए जाने पर दो फर्मों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सुधार सूचना जारी करने के लिए अभिहित अधिकारी को प्रकरण भेजा गया है। इस पूरी कार्रवाई में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी खीर सागर पटेल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अविषा मरावी और प्रतीक तिवारी प्रमुख रूप से शामिल रहे।
यह भी पढ़ें- पैसा डबल करने का झांसा देकर खाईवाल ने की 48.90 लाख की ठगी, दोनों भाई परिवार सहित दुबई भागे
इन प्रतिष्ठानों से लिए गए सैंपल
ठेले, चौपाटी में हेंड ग्लोब्स अब जरूरी
शहर में ठेले में चाट-गुपचुप व अन्य प्रकार के नाश्ते मिलते हैं। इसी तरह चौपाटी कल्चर भी बढ़ गया है। जहां पर फास्ट फूड परोसा जाता है। यहां पर हाईजिन पर ध्यान देते हुए अक्सर नजर नहीं आते हैं। इन बातों को ध्यान में रखते हुए ऐसे स्थानों में हेंड ग्लोबस पहनकर फूड परोसना जरूरी होगा। इसके लिए पहले तो इन्हें जागरूक किया जाएगा। इसके बाद भी नहीं माने तो कार्रवाई के दायरे में आएंगे।