
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। तोरवा पुलिस ने इंस्टाग्राम आइडी बनाकर अश्लील और धमकी भरे मैसेज करने तथा झूठी शिकायत दर्ज कराने के मामले में एक युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित ने अपने पूर्व परिचित युवक को बदनाम करने के उद्देश्य से उसके नाम का इस्तेमाल कर फर्जी इंटरनेट मीडिया प्रोफाइल तैयार की थी।
सीएसपी गगन कुमार(आइपीएस) ने बताया कि तिफरा में रहने वाले संजय रात्रे ने 15 मई को तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आइडी बनाकर इंटरनेट मीडिया पर अश्लील और धमकी भरे मैसेज भेजे जा रहे हैं। इससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने इंटरनेट मीडिया अकाउंट डिटेल्स और डिजिटल ट्रेल का विश्लेषण किया।
तकनीकी जांच में यह तथ्य सामने आया कि जिस इंस्टाग्राम आईडी से मैसेज भेजे जा रहे थे, उसे प्रीति सूर्यवंशी (26) निवासी शिव मंदिर के पास, थाना तोरवा द्वारा आपरेट किया जा रहा है। जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया। पुलिस के अनुसार आरोपित ने इससे पहले एक जनवरी 2026 को भी थाना तोरवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि संजय रात्रे के नाम से संचालित इंस्टाग्राम आइडी के माध्यम से उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है तथा अश्लील फोटो भेजी जा रही हैं। युवती ने इसका स्क्रीन शाट भी पुलिस को दिया था।
डिजिटल साक्ष्यों की जांच में प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित आइडी का संचालन स्वयं आरोपिया द्वारा किया जा रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपिया खुद उसी आइडी से संदेश भेजती थी और उनके स्क्रीनशाट के आधार पर शिकायत दर्ज कराई गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों पूर्व में परिचित थे तथा उनके बीच प्रेम संबंध रहा था। जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपित युवती को गिरफ्तार किया है। आरोपित को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।