
बिलासपुर। नईदुनिया नगर निगम भले ही शहर को स्वच्छ और स्मार्ट बनाने के बड़े-बड़े दावे कर रहा हो, लेकिन जमीनी हकीकत इसके ठीक विपरीत है। निगम के वार्ड क्रमांक सात के रहवासी पिछले 15 वर्षों से नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। क्षेत्र की मुख्य गलियों और सड़कों की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि यहां से गुजरना किसी खतरे से खाली नहीं है।
नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सीधे सड़कों पर बह रहा है, जिससे पूरा रास्ता कीचड़ और फिसलन में तब्दील हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह बिलासपुर का सबसे गंदा वार्ड बन चुका है, जहां बुनियादी सुविधाओं के नाम पर सिर्फ आश्वासन ही मिलते हैं।
वार्ड की गलियों में एक तरफ नालियों के टूटे हुए स्लैब और निर्माण कार्यों का मलबा बिखरा पड़ा है, तो दूसरी तरफ कई लोगों ने अपने घरों के आंगन और चबूतरों को सड़क की ओर बढ़ा लिया है। इससे आवागमन के लिए बेहद कम जगह बची है। स्थिति यह है कि यदि गली में आमने-सामने से दो दोपहिया वाहन भी आ जाएं, तो निकलना मुश्किल हो जाता है।
मलबे और कचरे के ढेर के बीच मवेशियों का जमावड़ा समस्या को और गंभीर बना रहा है। वार्ड में अव्यवस्था का आलम यह है कि पीने के पानी की पाइपलाइन बजबजाती हुई गंदी नालियों के बीच से होकर गुजर रही है। नालियों में प्लास्टिक, कचरा और गाद भरी होने के कारण पानी की निकासी पूरी तरह ठप है। गंदा पानी सड़क पर जमा होने से आए दिन बाइक सवार फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। वहीं, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों का पैदल चलना दूभर हो गया है।
रोज गिर रहे हैं वाहन चालक
रहवासी पुष्पा तिवारी का कहना है कि पिछले 15 सालों से हम इसी बदहाली में जी रहे हैं। नाली का गंदा पानी हमेशा सड़क पर बहता रहता है। फिसलन इतनी ज्यादा है कि आए दिन बाइक चालक और पैदल चलने वाले बुजुर्ग गिरकर घायल हो रहे हैं। कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।
मलबे और अतिक्रमण ने छीना रास्ता
वार्डवासी करूणा का कहना है कि सड़क किनारे ईंट-पत्थर और कचरे का ढेर लगा हुआ है। ऊपर से लोगों ने अपने घरों के चबूतरे बाहर निकाल लिए हैं। गली इतनी संकरी हो गई है कि दो गाड़ियां एक साथ नहीं निकल सकतीं। यह शहर का सबसे गंदा वार्ड बन गया है।
दूषित पानी और बीमारियों का डर
रहवासी मीना मानिकपुरी का कहना है कि यहां नाली की सफाई कभी नहीं होती। पूरी नाली कचरे से जाम पड़ी है। सबसे बड़ी चिंता यह है कि नाली के बीच से पानी की पाइपलाइन जा रही है। गंदगी और बदबू के कारण घरों में रहना मुश्किल हो गया है, संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है।

रहवासी मीरा कश्यप,भगवती कश्यप, सुमित्रा कश्यप का कहना है कि एक प्रश्न 15 साल से परेशानी झेल रहे लोगों का सवाल है कि आखिर उनकी समस्या का समाधान कब होगा? मोहल्लेवासियों ने नगर निगम प्रशासन से सड़क का व्यवस्थित निर्माण, नाली की मरम्मत और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है।
वार्ड क्रमांक 7 की सड़क और नाली की समस्या मेरे संज्ञान में है। पूर्व में भी इस संबंध में नगर निगम के अधिकारियों को अवगत कराया गया है। नाली निर्माण और सड़क के डामरीकरण/कांक्रीटीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार कर निगम प्रशासन को भेजा गया है। सफाई कर्मियों को निर्देशित कर जल्द ही नालियों की सफाई और मलबे को हटवाने की कार्रवाई कराई जाएगी, ताकि वार्डवासियों को राहत मिल सके। श्याम कार्तिक वर्मा, पार्षद, वार्ड क्रमांक-7