
नईदुनिया प्रतिनिधि,बिलासपुर: बिलासपुर में मंगलवार को सुबह से गर्मी का असर बना रहा, लेकिन बीच-बीच में छाए बादलों ने तापमान को ज्यादा बढ़ने नहीं दिया। तेज धूप के बावजूद अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस तक ही पहुंच पाया। मौसम विभाग के अनुसार अब 29 मई से मौसम में बड़े बदलाव के संकेत हैं और प्रदेशभर में आंधी बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
शहर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से अन्य दिनों की तरह तेज गर्मी का दौर शुरू हो गया था, लेकिन कुछ देर बाद आसमान में बादल छा गए। दोपहर में धूप तीखी रही, फिर भी बादलों की आवाजाही के कारण तापमान पिछले दिनों जैसी ऊंचाई तक नहीं पहुंच सका।
इससे पहले बीते एक सप्ताह से शहर का तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था। इससे लोग भीषण गर्मी और लू से परेशान थे। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक गर्मी और लू का असर बना रह सकता है, लेकिन 29 मई से प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने लगेगा। मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और हल्की बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। इसके चलते तापमान में दो से चार डिग्री तक गिरावट आ सकती है और लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
बिलासपुर 43.6
रायपुर 44.3
दुर्ग 45.5
पेण्ड्रारोड 42.2
अंबिकापुर 42.1
आज ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में बुधवार को भी भीषण गर्मी और लू की स्थिति बने रहने के आसार हैं। मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में हीट वेव चल सकती है। एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। बिलासपुर में भी दिन के समय तेज धूप और उमस बनी रह सकती है। अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि शाम के समय बादल छाने और हवाएं चलने से कुछ राहत मिल सकती है।
इस तरह होगा बदलाव
मौसम विज्ञानियों के अनुसार वर्तमान में उत्तर-पश्चिम ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश से ओडिशा तक द्रोणिका और बिहार से तेलंगाना तक उत्तर-दक्षिण ट्रफ लाइन बनी हुई है। इन सिस्टमों के असर से फिलहाल गर्म और शुष्क हवाएं चल रही हैं, लेकिन 29 मई से इनकी सक्रियता और बढ़ेगी। इसके बाद प्रदेशभर में मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।