
बिलासपुर। कांग्रेस के एक होर्डिंग को देखते हुए लोग आपस में चर्चा करने लगे हैं कि कांग्रेस के नेताओं में श्रेय लेने और खुद को बढ़ चढ़कर बताने की होड़ लगी हुई है। इसकी एक बानगी शहर के चौराहे पर देखने को मिली है। यहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष मोहन मरकाम के प्रथम नगर आगमन को लेकर एक ऐसा होर्डिंग लगाया गया है, जिसके कारण भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा ढंक गई है।
लोगों का कहना है कि मरकाम समर्थक इतने उत्साहित हो गए हैं कि वे पंडित नेहरु तक को भूल गए हैं। चौराहे पर हर ओर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष मोहन मरकाम के प्रथम नगर आगमन से जुड़े पोस्टर लगाए गए हैं। शहर में मोहन मरकाम के आगमन को लेकर कांग्रेसी उत्साहित हैं, जगह - जगह सड़कों और चौराहे पर पोस्टर लगे हुए दिखाई दे रहे हैं।
मरकाम समर्थकों ने स्वागत के लिए हार-फूल और ढोल तैयार कर लिए हैं। जिन स्थानों पर मरकाम के कार्यक्रम तय हैं वहां स्वागत की भी योजना तैयार कर ली गई है। माना जा रहा है कि स्थानीय नेता मरकाम से नजदीकी पाने के प्रयास में लगे हुए हैं।