
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। कोनी थाने में पदस्थ एक आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह सुबह ड्यूटी के सिलसिले में समंस तामिल कराने निकले थे। कुछ देर बाद पालिटेक्निक कालेज के सामने अचेत अवस्था में मिले। उन्हें तत्काल सिम्स ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मौत सड़क हादसे में हुई या हार्ट अटैक से, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है
कवर्धा जिले के पंडरिया निवासी आरक्षक भोप सिंह कोनी थाने के सरकारी क्वार्टर में रहते थे। गुरुवार सुबह करीब छह बजे वे समंस तामिल कराने कोनी के देवनगर इलाके के लिए रवाना हुए थे। कुछ देर बाद एक व्यक्ति ने थाने में फोन कर पालिटेक्निक कालेज के पास एक आरक्षक के पड़े होने की सूचना दी। इस पर पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और उन्हें सिम्स लेकर गई।
वहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शार्ट पीएम में डाक्टरों ने उनके पैर में चोट होने की बात बताई है। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। शुक्रवार को गृह ग्राम पंडरिया में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोनी थाना प्रभारी जितेंद्र गुप्ता के मुताबिक, पोस्टमार्टम के दौरान डाक्टरों ने मृत आरक्षक के पैर में चोट होने की जानकारी दी है। हालांकि, यह चोट किस वजह से आई और मौत का कारण सड़क हादसा है या हार्ट अटैक, फिलहाल स्पष्ट नहीं है। मौत की वास्तविक वजह का पता डिटेल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में हवाई हमले की चेतावनी पर जमीन पर लेटे लोग, घायलों को सुरक्षित निकालने का हुआ अभ्यास