यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 20, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तखतपुर: पत्नी से विवाद के बाद घर निकले ड्राइवर की मिली लाश, हत्या की आशंका
गले में बंधा था गमछा, जांच में जुटी पुलिस
By Yogeshwar SharmaEdited By: Yogeshwar Sharma
Publish Date: Wed, 20 Jul 2022 12:26:42 PM (IST)Updated Date: Wed, 20 Jul 2022 12:26:42 PM (IST)

तखतपुर। तखतपुर क्षेत्र के पचबहरा स्थित मनियारी नदी में ट्रक ड्राइवर की लाश मिली है। ड्राइवर के गले में गमछा बंधा था। इससे पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है। वहीं, प्राथमिक पूछताछ में पता चला कि तीन दिन पहले ड्राइवर अपनी पत्नी से विवाद के बाद घर से निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।
पचबहरा में रहने वाले लोगों ने मंगलवार की सुबह मनियारी नदी में युवक की लाश देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकला। युवक के गले में एक गमछा कसकर बंधा हुआ था। इससे पुलिस इसे हत्या का मामला मान रही है। जेब में मिले ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज से मृतक की पहचान लोफंदी निवासी बैसाखू पटेल के रूप में हुई। घटना की जानकारी मृतक के स्वजन को दी गई। इस पर स्वजन भी तखतपुर थाने पहुंच गए।
स्वजन ने बताया कि बैसाखू ट्रक ड्राइवर था। वह काम के सिलसिले में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रतनपुर में किराए का मकान लेकर रहता था। तीन दिन पहले घरेलू बातों को लेकर उसका पत्नी से विवाद हुआ था। इसके बाद वह घर से निकल गया था। काम के सिलसिले में अक्सर बाहर रहने के कारण पत्नी ने इसकी जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को नहीं दी। मंगलवार की सुबह उसकी लाश मिलने के बाद पत्नी स्वजन के साथ तखतपुर थाने पहुंची। इधर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसकी रिपोर्ट से ड्राइवर की मौत का कारण स्पष्ट होगा।
जमीन विवाद पर भाई और भतीजे ने कार्यालय सहायक को पीटा
कोनी क्षेत्र के करहीपारा निरतू में रहने वाले कार्यालय सहायक की उसके भाई और भतीजों ने जमीन विवाद में पिटाई कर दी। मारपीट से घायल ने इसकी शिकायत कोनी थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। कोनी थाना क्षेत्र के निरतू करहीपारा में रहने वाले रोहित लोनिया स्कूल में कार्यालय सहायक हैं। मंगलवार की सुबह वे खेत में काम कराने के लिए गांव में श्रमिक की तलाश करने गए थे।
डिपरापारा में उन्हें छोटा भाई नर्मदा और भतीजे किशन व गोपी मिले। उन्होंने जमीन विवाद को लेकर रोहित से गाली-गलौज की। इसकी विरोध करने पर छोटे भाई और उसके बेटों ने रोहित को जान से मारने की धमकी देते हुए पिटाई कर दी। आसपास के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव किया। इसके बाद घायल ने घटना की शिकायत कोनी थाने में की है। मामले में पुलिस जुर्म दर्ज कर जांच कर रही है।